महिला सशक्तिकरण का नया अभियान, महिला अपराध पर सख्ती:संतकबीर नगर में मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत, 24 दिसंबर तक चलेगा कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत हो गई है। संतकबीर नगर में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने महिला सशक्तिकरण जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 22 सितंबर से 24 दिसंबर 2025 तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने 20 सितंबर को इस अभियान की घोषणा की थी। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करना है। मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रदेश के सभी 1,647 थानों में नए मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र महिलाओं के लिए शिकायत दर्ज करने और कानूनी सहायता प्रदान करने का काम करेंगे। हर पुलिस स्टेशन पर महिला बीट अधिकारी तैनात किए गए हैं। स्कूल और कॉलेजों में एंटी-रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय किया जाएगा। पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी। महिला पुलिस अधिकारी जागरुकता बढ़ाने के लिए बाइक रैलियां आयोजित करेंगी। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय सिंह, सर्वदवन सिंह और प्रियम राजशेखर पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply