महिला बोली- दरोगा ने घर में घुसकर थप्पड़ मारे:मोबाइल तोड़ा, थाना प्रभारी बोले- पूछताछ करने गए थे; शिकायत की जांच होगी

फतेहपुर के खखरेरू थाना क्षेत्र में एक महिला ने उपनिरीक्षक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। दामोदरपुर निवासी सुनीता देवी ने थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि 21 सितम्बर को दोपहर 12:35 बजे उपनिरीक्षक योगेन्द्र प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ उनके घर आए। दरोगा ने महिला से उसके देवर के बारे में जानकारी मांगी। महिला के अनभिज्ञता जताने पर दरोगा ने अभद्र व्यवहार किया। उपनिरीक्षक बिना अनुमति घर में घुस गए। सुनीता के विरोध करने पर दरोगा ने उन्हें दो थप्पड़ मारे। वह जमीन पर गिर गईं और उनकी चूड़ियां टूट गईं। दरोगा ने उनका मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया। पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने उन्हें गालियां और धमकियां भी दीं। सुनीता देवी ने थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनके सम्मान और सुरक्षा को खतरा है। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश ने कहा कि महिला के आरोपों की जांच होगी। उन्होंने बताया कि महिला के देवर से पूछताछ के लिए उपनिरीक्षक गए थे। उनका कहना है कि महिला के आरोप निराधार हैं। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर उच्च अधिकारियों को कार्यवाही हेतु सूचित किया जाएगा।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर