महराजगंज में फर्जी RDX की अफवाह, 7 पर FIR:आरडीएक्स से भरा ट्रक पकड़े जाने का किया था दावा, घटना 4 साल पुरानी
महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक पुराने वीडियो को आरडीएक्स मिलने की अफवाह फैलाने के आरोप में सात नामजद और कई अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो 2021 की एक ट्रक दुर्घटना का था। जिसे कुछ लोगों ने वर्तमान घटना बताकर गलत तरीके से फैलाया। चौकी प्रभारी मनोज कुमार यादव ने अपनी तहरीर में बताया कि 10 अक्टूबर 2025 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुजुरी चौराहे पर आरडीएक्स से भरा ट्रक पकड़े जाने का दावा किया जा रहा था। जबकि वास्तव में यह घटना चार साल पुरानी एक ट्रक दुर्घटना से संबंधित थी। पुलिस जांच में पाया गया कि यह भ्रामक वीडियो विपिन सिंह, मोहम्मद अख्तर, श्यामसुंदर गौड़, अमित अग्रहरि, हरि गुप्ता, बिट्ठ विश्वकर्मा और अर्जेय वर्मा सहित अन्य अज्ञात लोगों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से पोस्ट किया था। इन पोस्टों के कारण क्षेत्र में अफवाह और भ्रम का माहौल फैल गया। थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मुजुरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर सात नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी अफवाहें न फैलाई जा सकें।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LTPoBrQ
Leave a Reply