महराजगंज में एनीमिया मुक्त अभियान की तैयारी:30 सितंबर से होगी शुरुआत, बांटी जाएगी दवा, DM ने जारी किए दिशा-निर्देश

महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की पहल पर जनपद को एनीमिया मुक्त बनाने की तैयारी चल रही है। ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत ‘एनीमिया मुक्त महराजगंज’ अभियान 30 सितंबर से शुरू होगा। इसका मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में खून की कमी की समस्या को समाप्त करना है। जिलाधिकारी ने बताया कि 30 सितंबर को जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत भवनों पर एनीमिया की जांच की जाएगी। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को आयरन, फोलिक एसिड और कैल्शियम की गोलियां दी जाएंगी। अभियान के तहत महिलाओं व किशोरियों को उचित पोषण आहार और स्वच्छता आदतों के विषय में जागरूक किया जाएगा। स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर छात्राओं की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज और सूचना विभाग को आपसी समन्वय से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। गांव-गांव में रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से एनीमिया के कारण, लक्षण और रोकथाम की जानकारी दी जाएगी। मिशन शक्ति के तहत जिला प्रशासन ने इस अभियान को महिला सशक्तिकरण के प्रमुख लक्ष्य के रूप में लिया है। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से प्राप्त करने का उद्देश्य है। अभियान के तहत लगभग 3 लाख किशोरियों और महिलाओं को आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम और विटामिन सी के टैबलेट दिए जाएंगे। स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा और पंचायतीराज विभाग को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं और किशोरियों को 30 दिन के लिए इन दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/nLKDOqh