मंत्री दयाशंकर सिंह बोले-राहुल गांधी खुद खत्म कर रहे कांग्रेस:सहारनपुर में नमो मैराथन में पहुंचे, कहा-मोदी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली

सहारनपुर में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत ‘नमो मैराथन’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शामिल हुए। उन्होंने खेलों में भारत की सफलता, भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। खेलों में मोदी की भूमिका से देश को मिल रही नई ऊर्जा
परिवहन मंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत और उत्साह के कारण ही आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खेलों में अपनी छवि मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं कई बड़े खेल आयोजनों में खिलाड़ियों के बीच उपस्थित रहते हैं और उनका उत्साहवर्धन करते हैं। इसका सकारात्मक असर भारत के खेल प्रदर्शन पर साफ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस ने विकास की राह रोकी, मोदी ने दी नई दिशा
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा, देश में सबसे अधिक समय तक शासन करने वाली पार्टी कांग्रेस ने विकास को रोकने का काम किया। लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को एक नई दिशा मिली है। आज पूरा देश उनके नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है। भारतीय संस्कृति को अब पूरी दुनिया मान रही
मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है। उन्होंने बताया कि आज 176 देशों के राष्ट्राध्यक्ष योग कर रहे हैं। “पहले ‘नमस्ते’ पर लोग हंसते थे, लेकिन कोरोना काल ने पूरी दुनिया को सिखा दिया कि भारतीय परंपराएं कितनी वैज्ञानिक और उपयोगी हैं, उन्होंने कहा। तुलसी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, भारत में तुलसी को माता का दर्जा दिया जाता है। कोरोना काल में लोगों ने तुलसी का काढ़ा पीकर अपने जीवन की रक्षा की। इससे पूरी दुनिया को यह समझ आया कि भारत की परंपराओं में कितनी शक्ति है। राहुल गांधी कांग्रेस को कर रहे खत्म
राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए मंत्री ने कहा, पिछले 40 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस धीरे-धीरे समाप्त होती गई और अब राहुल गांधी ने ठान लिया है कि वे पार्टी को पूरी तरह खत्म करके ही दम लेंगे। योगी आदित्यनाथ सरकार का 38 साल बाद दोबारा सत्ता में आना, केवल उनके कार्यों की वजह से संभव हुआ है। GEN-Z के बयान पर राहुल गांधी को घेरा
राहुल गांधी के Gen-Z वाले बयान पर भी मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव का हवाला देते हुए कहा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार में से तीन पदों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। अध्यक्ष, महामंत्री और संयुक्त महामंत्री 16,000 वोटों के भारी अंतर से विजयी हुए हैं। यह युवाओं का स्पष्ट संदेश है कि देश का भविष्य भाजपा के साथ है, न कि राहुल गांधी के साथ।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर