भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बिजनौर में सवालों से बचे:आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस से उठकर चले गए, गंगा एक्सप्रेस वे के जिक्र पर बिफरे
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी गुरुवार को बिजनौर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत मीडिया से बातचीत की, लेकिन बाद में पत्रकारों के अन्य सवालों का जवाब दिए बिना ही प्रेस कॉन्फ्रेंस से उठकर चले गए। चौधरी ने बताया कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से देश में बने उत्पाद खरीदने का आह्वान किया है। इस अभियान के तहत एक हजार से अधिक मेले और 500 पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोबाइल निर्माण 1500 करोड़ रुपये से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये का हो गया है। भारत ट्रैक्टर निर्माण में दुनिया में नंबर वन बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब हथियार खरीदने वाले देश से निर्माण करने वाले देश में बदल रहा है।उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राज्य में मेट्रो, पुलों और सड़कों का जाल बिछाया गया है। कृषि क्षेत्र में भी प्रगति हुई है और ‘लोकल फॉर वोकल’ से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। साथ ही, महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका महत्वपूर्ण है। भूपेंद्र चौधरी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया। एक्सप्रेसवे से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पिछले 9 सालों से तरक्की कर रही है और राज्य में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे हैं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे को लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। हालांकि, इस बातचीत के दौरान जब पत्रकारों ने अन्य सवाल पूछने शुरू किए, तो प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बिना जवाब दिए ही उठकर चले गए।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की सदर विधायक सूची मौसम चौधरी, धामपुर विधायक अशोक राणा, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान बॉबी, वरिष्ठ भाजपा नेता ऐश्वर्या मौसम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा नेता पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद राठी, दीपक गर्ग मोनू और नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। झालू नगर पंचायत अध्यक्ष सहित काफी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के नेता कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष नुमाइश मैदान में पहुंचेंगे जहां जीएसटी कार्यक्रम आयोजन किया जा रहा है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LOsB21m
Leave a Reply