भाजपा का आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान:महानगर अध्यक्ष बोले- स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय परंपराओं को मिलेगा बढ़ावा
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सरकार के एजेंडे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा संगठन ने अभियान की रूपरेखा तय की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 16 अक्टूबर से देशभर में आरंभ किया जाएगा। जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, भारतीय परंपराओं और जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।अभियान के अंतर्गत विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि 1 से 15 नवम्बर तक प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन और कॉलेज स्तर पर स्वदेशी संकल्प सेमीनार आयोजित होंगे। इसमें युवा मोर्चा और युवा जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।16 से 30 नवम्बर के बीच जिलास्तरीय स्वदेशी मेले तथा मंडल स्तर पर युवा एवं महिला सम्मेलन होंगे। वहीं 1 से 15 दिसम्बर के दौरान मंडल स्तर पर स्ट्रीट वेंडर एवं कारीगर सम्मेलन होंगे, जिनमें अनुसूचित जाति, जनजाति और स्थानीय व्यापारियों की सहभागिता रहेगी। इसके बाद 1 से 25 दिसम्बर तक अभियान के अंतिम चरण में आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा एवं पदयात्रा जिलास्तर पर निकाली जाएगी। अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा संगठन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से हर वर्ग तक प्रधानमंत्री मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को पहुँचाना और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर पूरे देश को अग्रसर करना है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fQ4Sy79
Leave a Reply