भतीजे ने चाचा की गोली मारकर हत्या की:पालतू कुत्ते को लेकर 12 दिन पहले हुआ था विवाद, बाहर बुलाया, फिर मार दी गोली
शाहजहांपुर में बीती रात एक भतीजे ने अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक प्रमोद (40) सदर बाजार क्षेत्र के निवासी थे। सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाड़ूजई प्रथम के निवासी प्रमोद एक किराने की दुकान पर सेल्समैन थे। वह अपनी पत्नी सीमा और दो बेटों पिंटू और अंकुर के साथ रहते थे। बीती रात जब प्रमोद अपने मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, तभी पास के कमरे में रहने वाले उनके भतीजे विवेक ने उन्हें आवाज दी। प्रमोद के कमरे से बाहर आते ही विवेक ने तमंचे से उनके पेट में गोली मार दी। प्रमोद मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर पत्नी सीमा और परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए और प्रमोद को मृत पाया। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर सीओ सिटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली और हत्या के पीछे के कारणों की पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बड़े भाई विनोद ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले परिवार का पालतू कुत्ता मर गया था। प्रमोद ने भतीजे विवेक से उसे नदी किनारे दफनाने में मदद करने को कहा था, लेकिन विवेक ने मना कर दिया था। इस पर प्रमोद ने कहा था कि परिवार का ही कुत्ता मरा है, उसे दफनाने में साथ चलने में कुछ गलत नहीं है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। तब परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। विनोद ने बताया कि उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि विवेक इस बात को अपने मन में रखेगा और इतनी बड़ी घटना को अंजाम देगा। सीओ सिटी पंकज ने बताया कि भतीजे ने चाचा की गोली मारकर हत्या की है। दोनो के बीच परिवारिक विवाद बताया गया है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/T7isJko
Leave a Reply