‘बेटी से लव जिहाद हुआ है, मैं जान दे दूंगी’:अलीगढ़ में लड़की की मां बोली- लड़के वाले बोलते हैं, निकाह करो दो, वापस नहीं मिलेगी
अलीगढ़ में शनिवार को एक महिला ने बेटी के लापता होने पर सीओ कार्यालय में जमकर हंगामा किया। उसने कहा- मेरी बेटी के साथ लव जिहाद हुआ है। उसके साथ काम करने वाला युवक उसे धोखे से भगा ले गया है। बेटी का एक हफ्ते से कुछ भी पता नहीं है। आरोपी के परिजन कहते हैं कि बेटी का निकाह करा दो, वापस नहीं मिलेगी। लगातार थाने के चक्कर लगा रही हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आज मैं पेट्रोल लेकर आई हूं। अगर मेरी बेटी न मिली तो मैं आग लगा लूंगी। महिला के साथ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी थे। उन्होंने सीओ कार्यालय का घेराव कर दिया। एसएसपी ने काफी देर तक उनसे बात की। उन्हें समझाया। कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद महिला और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शांत हुए और वापस लौट गए। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला देहलीगेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला आज दोपहर में सीओ कार्यालय पहुंची थी। उसके साथ भाजपा नेता संजू बजाज, राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के भरत तिवारी, ब्रज मोहन उपाध्याय समेत कई हिंदू संगठन के नेता थे। उन्होंने सीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी होने पर ASP मयंक पाठक ने उन्हें बात करने के लिए बुलाया। महिला ने उन्हें बताया- उसकी बेटी 18 साल की है। वह बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। खैर रोड स्थित निजी अस्पताल में तीन महीने से इंटर्नशिप कर रही थी। हॉस्पिटल में उसके साथ एक अब्दुल नाम का लड़का भी इंटर्नशिप कर रहा था। उसने झूठ बोलकर मेरी बेटी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। 20 सितंबर को बेटी हॉस्पिटल से घर नहीं लौटी। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। जब उसके साथियों से पता किया तो मालूम हुआ उसके साथ काम करने वाला अब्दुल भी गायब है। वह उसे अपने साथ भगाकर ले गया है। बेटी नहीं मिली तो खुद को आग लगा लूंगी महिला के अनुसार- उन्होंने 20 सितंबर को देहलीगेट थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी। आज एक हफ्ते हो गए। बेटी का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। थाने में अधिकारियों से बेटी को खोजने की गुहार लगाई लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। मेरे पास अब कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। मैं अब जिंदा रहकर क्या करूंगी। मैं आज अपने साथ पेट्रोल लेकर आई हूं। अगर मेरी बेटी मुझे वापस नहीं मिली तो मैं आज पेट्रोल से खुद को आग लगा लूंगी। आरोपी के परिजन बोले-निकाह करा दो, बेटी वापस नहीं मिलेगी लड़की की मां के मुताबिक वह अपनी बेटी का पता लगाने के लिए आरोपी के घर गई थी। लड़के के परिवार वालों ने ने बताया कि उनका बेटा अब्दुल ही उनकी बेटी को अपने साथ लेकर गया है। तुम अपनी बेटी का निकाह उनके बेटे से करा दे। इस पर उसने कहा कि वह गैर धर्म में अपनी बेटी की शादी नहीं करेगी। उसने शादी से साफ मना कर दिया। इसके बाद आरोपी के घरवाले उसे धमकाने लगे। कहा कि चुपचाप निकाह करा दे, वरना उनकी बेटी उन्हें वापस नहीं मिलेगी। जिसके बाद उसने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कर रही। ASP ने 2 दिन में बेटी को बरामद करने का दिया आश्वासन भाजपा नेता संजू बजाज, राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के भरत तिवारी, ब्रज मोहन उपाध्याय ने ASP मयंक पाठक से बात की। उन्होंने कहा कि लड़की के साथ लव जिहाद हुआ है। बेटी की जल्द बरामदगी होनी चाहिए और आरोपी और उसके घरवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों में बातचीत चलती रही। ASP मयंक पाठक ने बताया कि मामले में पहले से केस दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है। लड़की को बरामद करने के लिए अलग से भी टीमों को लगाया गया है। लड़की को 2 दिन में बरामद कर लिया जाएगा। उसके बाद वे लोग शांत हुए। ————————————— ये खबर भी पढ़िए… रायबरेली के जज की बेटी समेत 5 दोस्तों की मौत:यूपी की थार का हरियाणा में एक्सीडेंट, 100 की स्पीड में डिवाइडर से टकराई यूपी के अलीगढ़ की थार का हरियाणा के गुरुग्राम में भीषण एक्सीडेंट हो गया। तेज रफ्तार कार 100 की स्पीड में डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के समय गाड़ी में छह लोग सवार थे। इसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पढ़िए पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/NsedxEf
Leave a Reply