बुलंदशहर में सांड के हमले से घायल किसान की मौत:खेत में काम करते समय हुई घटना, इलाज के दौरान तोड़ा दम; गांव में शोक का माहौल

बुलंदशहर के शिकारपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम चित्सौन में सांड के हमले से एक किसान सोमबीर उम्र 55 (महिलाल के पुत्र) की मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह 6:30 बजे हुई, जब सोमबीर अपने खेत पर काम कर रहे थे। उपचार के दौरान सोमवार सुबह उन्हें मृत घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार, सोमबीर शनिवार सुबह अपने खेत में खेती का कार्य करने गए थे। तभी खेत में खड़ी फसल से एक आवारा सांड निकला और उसने सोमबीर को घेरकर जोरदार टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने सांड को भगाया और पुलिस को 112 पर सूचना दी। घायल सोमबीर को तुरंत गांव के लोगों द्वारा जेपी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद उन्हें जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सोमबीर को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/5Ls1rSx