बांके बिहारी मंदिर में दर्शन का समय बढ़ा, आदेश चस्पा:श्रृंगार और शयन आरती में भी बदलाव, हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी ने किया बदलाव
बांके बिहारी मंदिर में अब भक्त ज्यादा समय तक दर्शन कर सकेंगे। हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी ने दर्शन का समय बढ़ाने का फैसला लिया है। यह फैसला अब आधिकारिक रूप से लागू किया जा रहा है। मंदिर में इस फैसले का आदेश नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। कमेटी के सचिव और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने यह आदेश जारी किया है। अब मंदिर में गर्मी और सर्दी दोनों मौसमों में दर्शन का समय पहले से ज्यादा होगा। सुबह की श्रृंगार आरती और रात की शयन आरती के समय में भी बदलाव किया गया है। कमेटी के एक सदस्य ने बताया कि इस आदेश की जानकारी पहले मंदिर के गोस्वामी समाज और फिर आम श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जाएगी। यह आदेश आया सामने
दर्शन समय में परिवर्तन को लेकर कमेटी द्वारा लिए गए निर्णय को अमल में लाने के लिए कमेटी के सचिव एवं मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह द्वारा यह आदेश जारी कर मंदिर में चस्पा कराया गया है।
आदेश में उल्लेख है कि सर्वसम्मति से बांके बिहारी जी के दर्शन हेतु समय अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। गर्मी के दर्शन का संशोधित समय तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है। गर्मियों में नया दर्शन समय
वर्तमान में होली के बाद लागू गर्मी के समय में मंदिर के दर्शन सुबह 7:45 बजे से 12:00 बजे तक होते थे, जिसे अब बदलकर सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है। शाम के दर्शन का समय पहले 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक था, जिसे अब शाम 4:15 बजे से रात 9:30 बजे तक कर दिया गया है। सुबह 7:00 से 7:15 बजे तक श्रृंगार आरती होगी। राजभोग आरती के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। रात 9:30 बजे शयन आरती के बाद पट पुनः बंद कर दिए जाएंगे। सर्दियों में नया दर्शन समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
शाम 4:00 बजे से रात 9:00 बजे तक
सुबह 8:00 से 8:15 बजे तक श्रृंगार आरती होगी। गौरतलब है कि पहले सर्दियों में दर्शन का समय सुबह 8:45 से दोपहर 1:00 बजे तक और शाम 4:30 से रात 8:30 बजे तक था। मंदिर में लाइन से श्रद्धालु दर्शन करेंगे, गेट नंबर 2-3 से प्रवेश जल्द लागू होगी व्यवस्था कमेटी के सदस्य और बांके बिहारी मंदिर में शयन भोग के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया यह आदेश अभी मंदिर में लगाया गया है। जल्द यह व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने बताया यह कमेटी सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी है। कमेटी के सभी सदस्यों का प्रयास है कि मंदिर की बेहतर व्यवस्था हो। जिससे दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें। बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश को लेकर फैसला लिया गया है। श्रद्धालुओं को अब 2 गेटों से प्रवेश कराया जाएगा और 2 गेटों से बाहर निकलेंगे। मंदिर में एक साथ भीड़ इकट्ठा नहीं होगी। अब लाइन से मंदिर में एंट्री मिलेगी और लाइन से ही भक्त दर्शन करेंगे। श्रद्धालु गेट नंबर 2 और 3 से प्रवेश करेंगे। मंदिर में आने के बाद उनको गेट नंबर 1 और 4 से बाहर निकाला जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश गेट से भगवान के दर्शन करने के लिए आंगन तक स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। प्रत्येक गेट पर 3 लाइन में श्रद्धालु आएंगे और दर्शन करने के बाद बाहर निकल जाएंगे। ये निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई बांके बिहारी हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की 5वीं बैठक में लिए गए। बैठक शनिवार दोपहर बांके बिहारी मंदिर के कार्यालय में हुई। डेढ़ घंटे तक चली बैठक बैठक कमेटी के अध्यक्ष इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने डेढ़ घंटे तक मंदिर में की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर सदस्यों के साथ चर्चा की। इससे पहले कमेटी की चौथी बैठक हुई थी, जिसमें 9 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। भगवान की सेवा के लिए कर रहे काम कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हम लोग यह सब सेवा के लिए कर रहे हैं। सेवा और दर्शनार्थियों की सुरक्षा के अलावा कोई और काम अभी नहीं है। प्रबंधन की क्या कार्रवाई होगी, पता चलेगा। सदस्यों से कहा कि आप सभी लोगों का सहयोग चाहिए। आप सभी पूरे ब्रह्मांड में घूमते हैं। अगर आपके पास कुछ टिप्स हैं, तो बताएं हम उस पर काम करेंगे। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए कोई नया आइडिया हो तो जरूर बताएं। तोषखाना खोलना जरूरी बांके बिहारी के तोषखाना खोलने को लेकर कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि उस कमरे के बारे में चर्चा हुई। गोस्वामियों ने भी बताया कि वह रूम 45-50 वर्ष से नहीं खुला। उसमें दो बड़े ताले लगे हैं। नीचे से बड़े-बड़े चूहे आते-जाते रहते हैं। उसके अंदर क्या है यह इस कमेटी को अभी तक नहीं मालूम है। वह कब तक बंद रहेगा, यह भी नहीं मालूम। लेकिन उसको खोलना आवश्यक है। अगर उसमें बांके बिहारी जी की कोई मूल्यवान वस्तु है तो उसको सुरक्षित और संरक्षित किया जाए। VIP पर्ची का चल रहा था खेल अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा- मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर पर्ची काटने का खेल चल रहा था। कुछ लोगों ने फोटो स्टेट और अन्य तरीके से डुप्लीकेट पर्ची बनवा ली थी। इसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। VIP जो प्रोटोकॉल होगा उसके अनुसार दर्शन कराए जाएंगे। यह रहे मौजूद बैठक में रिटायर्ड जिला जज मुकेश मिश्रा, जिला न्यायधीश विकास कुमार,जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह,एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह,सीओ सदर संदीप सिंह,दिनेश गोस्वामी,श्री वर्धन गोस्वामी,शैलेन्द्र गोस्वामी,प्रबंधक मुनिश कुमार आदि मौजूद रहे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply