बलिया में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान होगा शुरू:17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, स्वास्थ्य शिविर लगेंगे

बलिया में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री इंदौर से करेंगे। अभियान के दौरान सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर लगेंगे। जिला अस्पतालों में स्त्री रोग, नेत्र, ईएनटी, त्वचा, मानसिक स्वास्थ्य और दंत चिकित्सक की सेवाएं मिलेंगी। महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। इनमें मातृ एवं बाल स्वास्थ्य देखभाल, प्रसव पूर्व जांच, एमसीपी कार्ड वितरण और टीकाकरण शामिल है। किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म, स्वास्थ्य और पोषण के बारे में जागरूक किया जाएगा। गांव और ब्लॉक स्तर पर जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी। स्कूलों में विशेष सत्र होंगे। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को खाना पकाने में तेल का उपयोग 10 प्रतिशत कम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
1 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर जिला अस्पताल में मेगा कैंप लगेगा। निजी अस्पतालों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, आईसीडीएस और नगर विकास विभाग मिलकर इस अभियान को चलाएंगे।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर