बलिया में शिक्षक हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल:पैर में लगी गोली, एक साथी फरार; लूट का सामान और हथियार बरामद

बलिया के बिल्थरारोड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान शुक्रवार की आधी रात को खंदवा के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में देवरिया के नन्दपुर कुकर घाटी निवासी 24 वर्षीय नितीश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी बरहज निवासी विकास सोनकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पूछताछ में नितीश ने कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकारी। उसने 16 सितम्बर को अपने साथियों के साथ महिला अध्यापिका राधिका वर्मा से सोने की चेन छीनी थी। साहूपुर में शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव और महिला अध्यापिका कंचन सिंह से चेन व अंगूठी लूटी थी। इसी दौरान शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी से .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और लूट के माल की बिक्री से मिले 12,530 रुपये भी जब्त किए गए हैं। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर