बच्चों के विवाद में पिता को गोली लगी:6 से ज्यादा लोगों ने घर में घुसकर हमला किया, लाठी-डंडे से पीटने के बाद फायर किया
फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र में बच्चों के विवाद को लेकर हुए झगड़े में एक अधेड़ को गोली लगने का आरोप है। घायल सहवीर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिरसा गांव निवासी सहवीर ने बताया कि बीते दिन उसके और गांव निवासी एक व्यक्ति के बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के चलते देर रात लगभग आधा दर्जन लोग सहवीर के घर में घुस आए। सहवीर के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया, जिससे गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सहवीर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर विपिन ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया डायल 112 पर एक व्यक्ति को गोली मारने की पुलिस को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। मामले की जांच की जा रही है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/n8vVKZm
Leave a Reply