फतेहपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:पति समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप, शराबी पति करता था मारपीट
फतेहपुर के बरौहां गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति, देवर और सास पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका रागिनी (28) का विवाह अनुज यादव से 28 फरवरी 2020 को प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। पिता वीर सिंह यादव के मुताबिक, दहेज न देने के कारण बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। शराबी पति अनुज अक्सर नशे में रागिनी से मारपीट करता था। घटना 15 सितंबर 2025 की रात करीब एक बजे की है। नशे में धुत अनुज घर आया और रागिनी से झगड़ा करने लगा। आरोप है कि अनुज ने अपने भाई अनूप और मां विमला के साथ मिलकर रागिनी की पिटाई की और फिर उसे फांसी पर लटका दिया। शोर सुनकर पीड़िता के पिता अपने भाई रज्जन के साथ मौके पर पहुंचे। रागिनी आंगन में रस्सी से लटकी हुई थी। उसे उतारने पर वह मृत पाई गई। जब वीर सिंह ने ससुर लालमन से इस बारे में पूछा तो उन्होंने गाली-गलौज की। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply