प्रयागराज में रात को चला विशेष अभियान:846 वाहनों का चालान, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की कड़ी निगरानी
प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार देर रात विशेष अभियान चलाया। सिटी जोन में रात 10 बजे के बाद पुलिस फोर्स पिंजरा वैन के साथ गश्त पर निकली। पुलिस ने शराब की दुकानों, चाय की दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क किनारे बैठे और नशा करते लोगों को हिरासत में लिया गया। पुराने शहर में चाय की दुकानों के बाहर बैठे लोगों पर भी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान वास्तविक कारण से दवा लेने या अस्पताल जाने वाले लोगों को छोड़ दिया गया। पुलिस ने सिटी क्षेत्र में 846 वाहनों का चालान किया। साथ ही 395 लोगों को धारा 151 के तहत हिरासत में लिया गया। नवरात्र और आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरे प्रदेश में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने सभी जोनों में विशेष गश्त के निर्देश दिए हैं। सिटी जोन की निगरानी डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य और एडिशनल डीसीपी पुष्कर वर्मा कर रहे हैं। गंगानगर जोन की जिम्मेदारी डीसीपी कुलदीप सिंह गुणावत और यमुनापार जोन की डीसीपी विवेक चंद्र यादव के पास है। गंगानगर जोन में भी देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तीनों जोनों के हाईवे पर भी सघन चेकिंग की गई।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply