प्रयागराज में युवती की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप:ससुराल में फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों ने हंगामा किया, मारकर लटकाने का आरोप

प्रयागराज के उतरांव इलाके में सोमवार सुबह एक युवती की लाश फंदे से लटकते पाई गई। ससुराल वालों का कहना है कि युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। उनका कहना है कि युवती को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उतरांव थाना क्षेत्र के नया पुरवा हनुमानगंज के रहने वाले मिथलेश भारतीय की पत्नी मनीषा कुमारी(26) का शव सोमवार की सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। मनीषा के बुआ का बेटा धर्मेंद्र का कहना है कि मौत की खबर पाकर जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो मनीषा का शव बिस्तर पर रखा हुआ था। ससुराल के लोग घर से गायब थे। मनीषा के मायके वालों का आरोप है कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज के लिए ससुराल वालों ने उसे मारकर लटका दिया। पिता सुनील ने बताया कि तीन साल पहले बेटी की शादी किए थे। उसे कई महीने से दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। रात में फोन पर बात भी हुई थी। आज सुबह 11 बजे दमाद का फोन आया उसने कहा कि मनीषा की तबियत खराब है। हम लाेग जल्दी से भागे और बिटिया के ससुराल पहुंचे। जब वहां पहुंचे तो सामने बेटी की लाश पड़ी थी। मामले में पुलिस का कहना है कि शव फंदे से लटका मिला है। पूछताछ की जा रही है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर