प्रयागराज में महिला सुरक्षा पर जागरूक हुईं 100 छात्राएं:पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा बोले महिला सुरक्षा समाज की साझी जिम्मेदारी
प्रयागराज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा, एसीपी कृतिका शुक्ला सहित मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं। इस मौके पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा ने विद्यालय की करीब 300 छात्राओं में से 100 से अधिक बच्चियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, पुलिस की पहल और सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केवल पुलिस का नहीं, बल्कि समाज का भी अभियान है। हर बच्ची को जागरूक होना होगा और दूसरों को भी जागरूक करना होगा। शर्मा ने छात्राओं को समझाया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए सावधानी और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है। साथ ही, उन्होंने मिशन शक्ति से जुड़े पैंफ्लेट्स भी वितरित किए, जिनमें शासन की योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों का विस्तृत उल्लेख है। एसीपी कृतिका शुक्ला ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने बताया कि वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और महिला हेल्प डेस्क जैसे डेडीकेटेड प्लेटफॉर्म हमेशा उनकी सहायता के लिए मौजूद हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे निसंकोच अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन के मिशन शक्ति केंद्र या प्रयागराज कमिश्नरेट के डेडीकेटेड महिला थाने में अपनी बात रख सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जागरूक करते हुए यह भी बताया गया कि अपराधों से बचाव के लिए किन सावधानियों की आवश्यकता है और कठिन परिस्थितियों में पुलिस की मदद कैसे ली जा सकती है। मिशन शक्ति के तहत आगे भी ऐसे संवाद, प्रेजेंटेशन और वर्कशॉप आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा और कानून की जानकारी मिल सके।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/bnJxZKc
Leave a Reply