पुलिसकर्मियों ने 151 कन्याओं का पूजन:सीतापुर में महानवमी पर पुलिस लाइन में कन्या भोज कर बांटे इनाम

सीतापुर में शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस लाइन में बुधवार को कन्या भोज का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परंपरागत विधि-विधान से कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया और उपहार भेंट किए। पहली बार पुलिस लाइन में हुए इस आयोजन से पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में 151 कन्याओं को आमंत्रित कर भोज कराया गया। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर सीओ सिटी विनायक भोसले और सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने उनके चरण धोकर पूजन किया और आरती उतारी। इस दौरान पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। कन्याओं ने भी माता के गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कन्या भोज के उपरांत एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने सभी कन्याओं को दक्षिणा और उपहार प्रदान किए। उपहार पाकर बच्चियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पुलिस अधिकारियों का यह रूप देखकर नन्हीं कन्याएं प्रसन्न दिखीं और अभिभावकों ने भी आभार जताया। सीओ नेहा त्रिपाठी ने कहा कि कन्या पूजन केवल परंपरा ही नहीं, बल्कि समाज को बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का संदेश देने का माध्यम भी है। कार्यक्रम को लेकर पुलिस लाइन में विशेष तैयारी की गई थी। भव्य पंडाल सजाया गया और कन्याओं के लिए विशेष रूप से भोजन की व्यवस्था की गई। अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने कन्याओं को स्वयं परोसा और पूरे आदर के साथ भोजन कराया। इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। पुलिस लाइन में पहली बार आयोजित इस कन्या भोज ने नवरात्रि पर्व की आस्था और मिशन शक्ति के उद्देश्य को एक साथ जोड़ते हुए विशेष मिसाल कायम की।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/hsJEwTr