पीलीभीत टाइगर रिजर्व में मिला दुर्लभ सांप:महोफ गांव में रेड कोरल कुकरी को नेसर्प मित्र ने बचाया, वन विभाग ने जंगल में छोड़ा
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक दुर्लभ रेड कोरल कुकरी सांप मिला है। महोफ गांव के खेत में जाल में फंसे इस सांप को ग्रामीणों ने देखा। उन्होंने तुरंत टाइगर रिजर्व के नेचुरलिस्ट मोहम्मद कासिम को सूचित किया। कासिम ने अपने साथी प्रतीक कश्यप के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। उन्होंने जाल में फंसे सांप को सावधानी से निकाला। डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह की मौजूदगी में सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना की। रेड कोरल कुकरी भारत का सबसे दुर्लभ सांप माना जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Oligodon kheriensis है। यह लाल-नारंगी रंग का गैर-जहरीला सांप है। इस प्रजाति को पहली बार 1936 में दुधवा क्षेत्र में देखा गया था। तब से अब तक इसके बहुत कम रिकॉर्ड मिले हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रजाति के बारे में जानकारी सीमित है। इस पर अभी तक व्यापक शोध नहीं हुआ है। डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि यह खोज रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे जीवों को नुकसान न पहुंचाएं।यह घटना साबित करती है कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व न सिर्फ बाघों का घर है, बल्कि दुर्लभ वन्यजीवों का भी सुरक्षित आश्रय है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply