पिता ने तीसरी शादी की, नाराज बेटे ने मार डाला:कुशीनगर में पहले सीने में चाकू घोंप दिया, फिर छत से नीचे फेंक दिया

कुशीनगर में बेटे ने पिता की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। वह पिता के तीसरी शादी करने से नाराज था। रविवार देर रात दोनों में विवाद हो गया। इससे नाराज बेटे ने पहले सीने में चाकू घोंप दिया। फिर छत से नीचे फेंक दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बचाने आई उसकी पत्नी पर भी हमला कर दिया। पत्नी ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। पत्नी की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला कसया थाना क्षेत्र के चिरगोड़ा गांव का है। अब जाने क्या है पूरा मामला कुशीनगर के चिरगोड़ा गांव में ईश्वर यादव का परिवार रहता है। घर में पत्नी अंजली और दो बेटे रहते हैं। 25 साल पहले ईश्वर यादव की शादी हुई। जिनसे दो बेटे सत्येंद्र यादव (22), विवेक यादव (20) हुए। सत्येंद्र Bsc कर चुका है। विवेक अभी पढ़ाई कर रहा है। 2016 में ईश्वर यादव की पत्नी की बीमारी से मौत हो गई। 2021 में ईश्वर ने दूसरी शादी कर ली। लेकिन 4 दिन में ही दूसरी पत्नी छोड़ कर चली गई। इसके बाद 2023 में ईश्वर ने अंजली से तीसरी शादी की। तीसरी शादी का दोनों बेटे विरोध करने लगे। आए दिन इसी बात को लेकर झगड़ा होता। 5 महीने पहले सत्येंद्र घर से नाराज होकर दिल्ली चला गया। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से घर आया था। घर आने पर उसे पता चला कि उसकी सौतेली मां प्रेग्नेंट है। इसी को लेकर आए दिन पिता से उसका झगड़ा होने लगा। सत्येंद्र को हिस्सा बंटने का डर सताने लगा। इसी को लेकर रविवार रात पिता से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि उसने घर में रखी चाकू से पिता पर हमला कर दिया। उसके सीने में चाकू घोंप दिया। हमला करते देख सौतेली मां बचाने दौड़ी तो उसने उनपर भी हमला कर दिया। किसी तरह वह जान बचाकर भागी। इसके बाद बेटे ने पिता को छत से नीचे फेंक दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। मुझे नहीं पता था-छत पर जाएंगे तो वो उन्हें मार देगा पत्नी अंजली ने बताया कि उसने पहले मेरे पति पर चाकू से हमला किया। मैं बचाने दौड़ी लेकिन मैं छुड़ा नहीं पाई। सत्येंद्र चाकू लेकर मुझे भी मारने दौड़ा। मैं किसी तरह अपनी जान बचाकर भागी। मैं भाग कर चीखते हुए प्रधान के घर पहुंची। प्रधान ने फोन कर पुलिस को बताया। मौके पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। पति को बचाने में मुझे भी चोट लगी। मुझे गांव के लोग अस्पताल लेकर आए। फिर मुझे नहीं पता क्या हुआ। हिस्सा में बंटवारा नहीं करना चाहता था मृतक के साढ़ू ध्रुव ने बताया कि कल रात को सत्येंद्र पनीर लेकर घर आया। घर में सबने साथ में खाना खाया। फिर सत्येंद्र पिता से बोला, पापा चलिए छत पर चलते हैं। हवा लेकर आते हैं। दोनों छत पर चले गए। वहीं इन दोनों में झगड़ शुरू हुआ। बात इतनी बढ़ी कि बेटे ने चाकू से सीने में घोंप दिया। फिर छत से फेंक दिया। हिस्सा को लेकर वह बात करता था। वह चाहता था 13 बिस्वा जमीन में कोई और हिस्सेदार न हो। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि सौतेली मां अंजली की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त रॉड और चाकू बरामद कर लिया गया है। पारिवारिक विवाद के कारण हुई इस हत्या में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ………………………………………… ये खबर भी पढ़ें… पिंडदान करके लौट रहे पति-पत्नी समेत 4 की मौत, प्रयागराज में कार खराब हुई तो सो रहे थे; ट्रक कुचलता निकल गया प्रयागराज में 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक ही गांव के 8 लोग बोलेरो से वाराणसी से कानपुर जा रहे थे। देर रात उनकी बोलेरो खराब हो गई। रात में गाड़ी बन नहीं सकी, ऐसे में परिवार के लोग सड़क किनारे बोलेरो खड़ी कर उसके आगे ही चादर बिछाकर सो गए। पढ़ें पूरी खबर…

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर