पिकअप की टक्कर से बहन की मौत:भाई की हालत गंभीर, 23 नवंबर को आनी थी लड़की की बारात

हरदोई में एक सड़क हादसे में बहन की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई-बहन मौसी के घर से लौट रहे थे। तेज रफ्तार पिकअप डाला ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल भाई को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे गंजमुरादाबाद से सुल्तानपुर पुलिया के पास हुआ। सुरसा नेवलिया के डुलिया गांव निवासी सचिन (30) अपनी बहन राजकुमारी (28) के साथ उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र स्थित केसरीपुरवा में अपने मौसा टीकाराम के घर से लौट रहे थे। उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार पिकअप डाला ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां ले जाया गया। वहां डॉक्टर जितेंद्र पटेल ने राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी हरे कृष्ण शर्मा ने बताया कि दुर्घटना स्थल उन्नाव क्षेत्र में आता है। गंजमुरादाबाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मृतका राजकुमारी के मौसा टीकाराम ने जानकारी दी कि राजकुमारी की शादी रहूला, बिलग्राम में तय थी। 17 नवंबर को तिलक और 23 नवंबर को बारात आनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। टीकाराम ने यह भी बताया कि सचिन मौसा के घर पर ही अपना हेलमेट भूल गया था और फोन पर याद दिलाने के बावजूद उसे लेने नहीं लौटा था।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/GJhVYTN