पानी भरने के विवाद में दो समुदाय में मारपीट:कानपुर देहात में पुलिस का लाठीचार्ज, CO बोले- लोग शराब पिए थे
कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के कुसराजपुर गांव में रविवार देर रात पानी को लेकर हुए विवाद के बाद बवाल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया है, जिसमें दो लोग घायल हो गए। सूचना पर एसडीएम और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। यह विवाद गांव में पानी की टंकी खराब होने से उत्पन्न हुआ। गांव में पानी का संकट गहराने के कारण दलित समुदाय के लोग पानी भरने के लिए दूसरे समुदाय के दरवाजे पर लगे सरकारी नलों पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पानी भरने से रोका गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर भोगनीपुर कोतवाल अमरेंद्र सिंह कुछ सादी वर्दी में सिपाहियों के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पुलिस से पूरी बात समझने का अनुरोध किया, लेकिन कोतवाल के आदेश पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और स्थिति बिगड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ संजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उनके बाद एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। ग्रामीणों ने सीओ से कोतवाल अमरेंद्र सिंह की शिकायत करते हुए उन पर अनावश्यक बल प्रयोग का आरोप लगाया। सीओ संजय सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने सरकारी नलों को अपनी बाउंड्री के अंदर कर रखा है। जब दूसरे लोग पानी भरने गए तो उन्हें रोका गया, जिससे विवाद हुआ। सीओ के अनुसार, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ लोग शराब के नशे में बहस कर रहे थे, जिसके चलते पुलिस ने “थोड़ा बहुत” बल प्रयोग किया। फिलहाल, गांव में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Of6lLeU
Leave a Reply