पांचाल घाट उत्तरी बंधा पर सड़क चौड़ीकरण के लिए निशान:उत्तरी बंधे पर लोग खुद तोड़ रहे अपने मकान, 7 मीटर तक हटेगा अतिक्रमण
फर्रुखाबाद के पांचाल घाट स्थित उत्तरी बंधे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगाए गए निशानों के बाद, स्थानीय लोग अपने मकान और दुकानों को स्वयं तोड़ रहे हैं। इस बंधे पर बढ़ी संख्या में मकान बने हुए हैं, जहां लोग कई वर्षों से रह रहे हैं। यह मार्ग पांचाल घाट पर लगने वाले मेल श्रीराम नगरिया और अन्य धार्मिक आयोजनों के कारण महत्वपूर्ण है। इन आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, जिससे उत्तरी बंधे पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव दिया गया था। प्रस्ताव पारित होने के बाद, शुरुआत में निवासियों को सड़क से 7 मीटर तक अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था और इसके लिए निशान भी लगाए गए थे। हालांकि, बाद में यह सीमा बढ़ाकर 14 मीटर कर दी गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई वर्षों से यहां रहने के बाद अब सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता महसूस की गई है। उनका मानना है कि 14 मीटर तक जमीन अधिग्रहित करने से उन्हें काफी नुकसान होगा, खासकर तब जब उन्होंने अपने मकान पहले ही बनवा लिए थे। एक आश्रम के पुजारी ने बताया कि उनके पूर्वज यहाँ वर्षों पहले आकर टाट-पट्टी डालकर रहने लगे थे। बताया कि वे 1990 से पहले यहाँ आए थे। आश्रम के सभी कमरे भक्तों के सहयोग से बनवाए गए हैं। अब इन्हें तोड़ने की नौबत आ रही है। उन्होंने कहा—“हम जानते हैं कि यह सरकारी जमीन है, लेकिन उस समय जो निर्माण हुआ, उसी पर लोग गंगा जी के किनारे जीवन-यापन कर रहे हैं।” बसंत लाल ने कहा कि उन्हें यहाँ रहते करीब 60 वर्ष हो गए हैं। प्रशासन ने सड़क को 14 मीटर चौड़ा करने की बात कही है। ऐसे में मकान ध्वस्त हो जाएंगे। पंडित मनोज कुमार ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा यहाँ निशान लगाए गए हैं। सड़क संकरी होने के कारण यहाँ बार-बार जाम लगता है। सड़क चौड़ी हो जाएगी तो जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण सही है, लेकिन प्रशासन को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कहीं ज्यादा नुकसान न हो जाए। विकास कुशवाह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण होना है, इसलिए उनकी दुकान तोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा—“हमारा जन्म भी नहीं हुआ था, तब से यहाँ हमारी दुकान थी। अब चौड़ीकरण के कारण तोड़ी जा रही है।” वहीं एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण अच्छा है। इससे लोगों को जाम से निजात मिलेगी। मेला श्रीरामनगरिया के समय जो दिक्कतें होती हैं, वे भी खत्म हो जाएँगी। सड़क चौड़ी होने से दुकानों पर बिक्री भी बढ़ेगी। सदर एसडीएम रजनीकांत पांडेय ने बताया कि कागजों में सड़क की चौड़ाई 24 मीटर दर्ज है। फिलहाल इसे 14 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। यह जमीन बंधा की है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/MjzkLoA
Leave a Reply