पहली बार इंदुलेखा ने रखा कान्हा जी के लिए व्रत:बांके बिहारी के नाम की रचाई मेंहदी, फरवरी में की थी भगवान से शादी
पति की लंबी उम्र की कामना लिए सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का निर्जला व्रत रख रही हैं। एसी ही हैं ज्योति उर्फ इंदुलेखा। हरियाणा की रहने वाली इंदुलेखा ने यह व्रत रखा है बांके बिहारी जी के लिए। इंदुलेखा उन्हें पति मानती हैं। उनसे फरवरी में शादी कर चुकी हैं। इंदुलेखा ने बांके बिहारी जी के नाम की हाथों पर मेंहदी भी रचाई है। हरियाणा की ज्योति वृंदावन में बनी इंदुलेखा
भगवान बांके बिहारी जी के लिए करवाचौथ का व्रत रखने वाली इंदुलेखा हरियाणा के रोहतक जिले के गांव सुमारिया की रहने वाली हैं। 12 वीं तक पढ़ाई करने के बाद नर्सिंग कर चुकी इंदुलेखा का नाम ज्योति था। लेकिन वृंदावन आकर उनका नाम परिवर्तित हुआ और इंदुलेखा सखी बन गई। नर्सिंग स्टाफ के रूप में किया है काम
ज्योति उर्फ इंदुलेखा ने देश के कई नामचीन अस्पतालों में स्टाफ नर्स के रूप में काम किया है। ज्योति की 2012 में परिवार वालों ने शादी कर दी। यहां अनबन और ससुराल में इज्जत न मिलने के कारण कुछ वर्षों में ही तलाक हो गया। इसके बाद ज्योति ने गृहस्थ जीवन को छोड़कर आध्यात्म की तरफ रुख किया और भगवान बांके बिहारी की भक्त बन गई। भगवान कृष्ण की हैं भक्त
ज्योति उर्फ इंदुलेखा ने बताया उनका परिवार काफी समय से वृंदावन आता था। 8 वीं में पढ़ाई के दौरान जब वृंदावन आए तो यहां उन्होंने भगवान बांके बिहारी जी के दर्शन किए तो उनकी भक्ति में लीन हो गई। जब पति से तलाक हुआ तो वह और ज्यादा कृष्ण भक्ति करने लगीं। फरवरी 2025 में इंदुलेखा ने भगवान बांके बिहारी जी से शादी की और उनको पति के रूप में मान लिया। बांके बिहारी की हैं दीवानी
बांके बिहारी जी के करोड़ों भक्त हैं। कोई उनको भाई मानता है,कोई बेटा तो कोई पति। इंदुलेखा बांके बिहारी जी को पति रूप में देखती हैं। यही बजह है कि इस करवाचौथ वह पहली बार बांके बिहारी जी के लिए व्रत रख रही हैं। इंदुलेखा ने भगवान बांके बिहारी जी के नाम की अपने हाथों पर मेंहदी भी लगाई है। अर्घ्य देकर खोलेंगी व्रत
इंदुलेखा ने बताया फरवरी 2025 में बांके बिहारी जी के प्रतिरूप लड्डू गोपाल जी के साथ 7 फेरे लिए। अब वही उनके पालनहार हैं। इंदुलेखा ने बताया कि वह उनके लिए करवाचौथ का व्रत रख रही हैं। शाम को चंद्रमा देखकर अर्घ्य देंगी। इसके बाद अपना व्रत खोलेंगी। इंदुलेखा ने बताया कि वह अपने बांके बिहारी जी के लिए सोलह श्रृंगार करेंगी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LvRpylb
Leave a Reply