पश्चिम बंगाल और बिहार से भी बुलाए गए थे दंगाई:IMC नेता नदीम खां पुलिस के हैंड सेट के साथ दबोचा गया, अब तक 55 दंगाई गिरफ्तार
बरेली पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा के करीबी IMC नेता नदीम खां समेत 28 उपद्रवियों को अरेस्ट कर लिया। सभी उपद्रवी हाथ जोड़कर रोते नजर आए। उपद्रवियों ने बताया- बहकावे में आकर उन्होंने जुमे की नमाज के बाद हिंसा की थी। एसएसपी ने बताया- नदीम खां ने बवाल के समय पुलिस से एक हैंडसेट छीन लिया था। जो उसके पास से बरामद कर लिया गया। इसके अलावा अन्य आरोपियों से तमंचा मिला है। उपद्रवियों में बरेली के अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल के रहने वाले लोग शामिल हैं। बताया- पुलिस अब तक 55 आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज चुकी है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के आधार पर अभी भी अन्य उपद्रवियों की पहचान कराई जा रही है। 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर बवाल हुआ था। उपद्रवियों ने 4 जगह पर पुलिस पर पत्थरबाजी-गोलीबारी की थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। आंसू गैस के गोले छोड़े थे। IMC नेता नदीम ने लोगों को वॉट्सऐप मैसेज उकसाया
सोमवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस कांफ्रेस की। उन्होंने कहा- 26 सितंबर को शहर में दंगा कराने की साजिश रची गई थी। पुलिस पर फायरिंग, ईंट-पत्थर और एसिड बोतलों से हमला किया गया। IMC प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने इस्लामिया इंटर कॉलेज पर जुलूस निकालने का ऐलान किया था। मगर प्रशासन ने दुर्गा पूजा, दशहरा और शहदाना- सकलैनी उर्स को देखते हुए जुलूस की अनुमति नहीं दी थी। कॉलेज प्रशासन ने भी अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद मौलाना के नेताओं अनीस सकलैनी, नदीम खां समेत अन्य पदाधिकारियों ने वीडियो और वॉट्सऐप मैसेज भेजे। सभी को ग्राउंड में आने के लिए उकसाया। उपद्रव वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे पुराना शहर इलाके से 100-150 लोग जुलूस की शक्ल में निकले। इसमें अनीस सकलैनी और नदीम खां भी शामिल था। पुलिस ने उन्हें रोका तो भीड़ ने बैरियर पर धक्का देकर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। नदीम ने पुलिस का हैंडसेट छीना, पुलिस पर गोली चलाई
कुछ ही समय बाद उपद्रवी दोबारा जुट गए। इस बार भीड़ ने श्यामगंज फल मंडी पर पुलिस पर अचानक हमला बोल दिया। भीड़ में शामिल लोगों ने ‘सर तन से जुदा’ के नारे लगाते हुए ईंट-पत्थर, एसिड की बोतलें फेंकी। फायरिंग की। बारादरी प्रभारी निरीक्षक के हमराह कांस्टेबल सिद्धांत चौधरी के हाथ में गोली रगड़ते हुए निकल गई। उनकी वर्दी का हिस्सा भी बारूद से जल गया। कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह को भी पथराव में चोट लगी। अन्य पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हुए।एसएसपी ने बताया- पुलिस को घटनास्थल से फायर किए गए कारतूस, ईंट-पत्थर, एसिड की टूटी बोतलें और आरोपियों की चप्पलें मिलीं। यह सबूत इस बात की पुष्टि करते हैं कि हमला पहले से योजना बनाकर किया गया था। अब तक 55 उपद्रवी गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल और बिहार से आए उपद्रवी
बताया- अब तक कुल 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 24 आरोपी थाना बारादरी में दर्ज दो मुकदमों में पकड़े गए हैं। बाकी गिरफ्तारियां थाना कोतवाली और अन्य थानों में दर्ज मुकदमों से हुई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उमेद, मुस्तकीम, अरबाज, कलीम, मोबीन, नाजिम रजा, मोहसिन, शाकिब, रफीक, जैनुल, तौहीन, फैसल, अरशद और सुबहान हैं। इनमें से कई आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। एसएसपी ने बताया गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार और पश्चिम बंगाल से आए उपद्रवी भी शामिल हैं। इनमें मुसारोफ शेख (पश्चिम बंगाल) और शमशेर रजा (बिहार) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक तमंचा 12 बोर और जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार सभी 28 आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया। आरोपियों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, वसूली होगी
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा- शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अब तक 55 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस अब बवाल करने वालों की संपत्ति की जांच कर रही है। जिन आरोपियों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनसे वसूली की कार्रवाई होगी। इसके अलावा शहर में लगे 1320 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहे हैं। ताकि उपद्रवियों की पहचान हो सके। जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद 26 सितंबर की दोपहर 2 बजे सबसे पहले आला हजरत मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी गई। इसके बाद नौमहला मस्जिद में नमाज शुरू हुई, जो 3 बजे तक चली। कुछ लोग नमाज पढ़ने के बाद घर चले गए। लेकिन, कुछ शरारती लोग जैसे ही नमाज खत्म हुई, हाथों में ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लेकर बाहर निकले। भीड़ नारेबाजी करते हुए इस्लामिया ग्राउंड की ओर जाने की कोशिश की। पुलिस ने रोका तो पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिसवालों ने लाठीचार्ज कर दिया। इस्लामिया ग्राउंड के पास में ही आला हजरत मस्जिद और नौमहला मस्जिद है। आला हजरत मस्जिद की दूरी महज 200 मीटर है। जबकि नौमहला मस्जिद करीब 500 मीटर की दूरी पर है। इसी वजह से भीड़ इकट्ठी होती चली गई। आला हजरत मस्जिद से शुरू हुआ विवाद नौमहला मस्जिद तक पहुंचा। भीड़ हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रही थी
इसके बाद बारादरी थाना क्षेत्र के श्यामगंज मार्केट में भी भीड़ हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी करती हुई पुलिस पर पथराव करने लगी। बाजार में पथराव से भगदड़ मच गई। इसके बाद मौके पर मौजूद SSP अनुराग आर्य ने बवालियों पर लाठीचार्ज करने का आदेश किया। फिर पूरा बाजार बंद हो गया। इसके बाद कोतवाली के सामने नॉवेल्टी चौराहे पर भी पोस्टर लेकर लोग पहुंचे और पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी बीच महादेव सेतु और जिला अस्पताल रोड से सैकड़ों की संख्या में लोग हाथों में पत्थर लेकर आए और पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने पत्थरबाजों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस छोड़ी। इसके बाद लोग दुकानों और घरों से छिप-छिपकर पुलिस पर पथराव करने लगे। पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान पूरी सड़क चप्पलों और ईंट-पत्थरों से बिछ गई। तौकीर रजा ने पुलिस-प्रशासन को दी थी चुनौती
इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती दी थी कि धरना-प्रदर्शन हर कीमत पर होकर रहेगा। इसके बाद 26 सितंबर की सुबह तौकीर रजा ने अपना एक वीडियो भी जारी किया। जिसमें उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने अगर हमारे लोगों को रोकने का प्रयास किया, तो उसके बाद जो कुछ भी होगा उसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। जिस तरह से सड़क ईंट-पत्थरों से बिछी थी, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह बवाल एक सोची-समझी साजिश थी। इसकी स्क्रिप्ट पहले से तैयार थी। उसे तौकीर रजा ने तैयार किया था। कृषि मंत्री बोले- यूपी में ‘आई लव मोहम्मद’ नहीं चलेगा
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर महोबा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बरेली हिंसा पर खुलकर बात की। कृषि मंत्री ने दो टूक कहा- यूपी में ‘आई लव मोहम्मद’ कतई नहीं चलेगा। इस तरह के नारों को सरकार और यूपी की जनता स्वीकार नहीं करेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी बरेली और गोरखपुर में इस बात को स्पष्ट कर दिया है। इस प्रकार की आराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई होगी। प्रदेश में शांति और सुरक्षा के लिए सरकार बेहद गंभीर है। शाही ने कहा- अखिलेश को अब सत्ता में वापसी के सपने देखना छोड़ देना चाहिए। वे मुंगेरी लाल की तरह सपने देखना छोड़ दें। जनता कैसे भूल सकती है कि ये वही अखिलेश हैं, जिन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों के बाद दंगाइयों को अपने आवास पर बुलाकर दावत दी थी। अब ऐसी गतिविधियों की कोई जगह नहीं है। …………………………. ये खबर भी पढ़िए- यह खबर भी पढ़ें… बहराइच में आदमखोर भेड़िए की मौत, दो अफसर- दो दावे, रेंजर बोले- गोली मारी, DFO ने कहा- मरा मिला बहराइच में एक आदमखोर नर भेड़िए की रविवार को मौत हो गई है। भेड़िए की मौत कैसे हुई, इस पर वन विभाग के दो अफसरों ने दो बड़े दावे किए। रेंजर का दावा है कि टीम ने भेड़िए को मुठभेड़ में मार गिराया है। उसे गोली मारी गई है। वहीं, डीएफओ ने कहा, भेड़िया खेत में मृत मिला है। उसके शरीर पर कोई निशान नहीं हैं। वन विभाग ने मृत भेड़िए की कोई फोटो भी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल, भेड़िए के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। पढ़ें पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/PfYqJBA
Leave a Reply