नोएडा में 9 करोड़ का फ्रॉड करने वाला गिरफ्तार:बैंक की फर्जी एनओसी दी, प्राधिकरण से कराया प्लाट का ट्रांसफर ऑफ मेमोरेंडम
बैंक की फर्जी एनओसी समेत अन्य जाली दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने गुरुवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब साढे नौ करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा किया था। आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। 12.50 करोड़ में तय हुआ सौदा
एडिशनल डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि दिल्ली के अशोक कुमार ने व्यवसायिक प्रॉपर्टी खरीदने के लिए जीशान अली, विशाल गुप्ता, जहीर अहमद समेत अन्य लोगों से संपर्क किया था। आरोपियों ने सेक्टर छह में एक 796 वर्ग मीटर का प्लाट बेचने का सौदा मार्च 2023 में 12.50 करोड़ रुपए में कराया। अशोक ने कई बार में आरोपियों को करीब साढ़े नौ करोड़ रुपए दे दिए। इसके एवज में आरोपियों द्वारा फर्जी बैंक एनओसी भी अशोक को थमा दी गई। एनओसी के आधार पर प्राधिकरण से टीएम (ट्रांसफर ऑफ मेमोरैंडम) भी करवा दिया गया।
फर्जीवाड़े में 50 लाख रुपए मिले
कुछ समय बाद संपत्ति पर नीलामी का नोटिस लगा देखा तो अशोक को फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। उन्होंने मामले की शिकायत फेज वन थाने में की। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद मामला फेज वन थाने से साइबर क्राइम थाने ट्रांसफर कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनी। टीम ने ठगी और धोखाधड़ी में शामिल सेक्टर-46 निवासी जीशान अली को दबोच लिया। फर्जीवाड़े की रकम में से 50 लाख रुपए जीशान को मिले थे। जीशान ने पूरे फर्जीवाड़े और अपने साथियों की जानकारी पुलिस को दी है। साइबर सेल की अपील
डीसीपी साइबर प्रीति यादव ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति से अगर आप कोई जमीन खरीद रहे हो तो उसकी जांच अवश्य कर लें। जमीन या लोन से संबंधित एनओसी आपको प्रदान की जाती है, तो एक बार उसकी जांच स्वयं जाकर संबंधित बैंक से अवश्य करा लेनी चाहिए।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply