नोएडा में बुजुर्ग से 55 लाख की ठगी:निवेश में मुनाफा का झांसा दिया, वॉट्सऐप ग्रुप से जोड़ा; 11 बार में रुपए लिए

शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग के साथ 55 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर क्राइम थाने में चार कथित आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, पुलिस उन खातों की जानकारी जुटा रही है। फेसबुक पर आया था विज्ञापन जेएल गहलोत (62) ने बताया कि इसी साल 10 जुलाई को उन्हें फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखाई दिया। इसमें शेयर ट्रेडिंग कर लाखों रुपए रोजाना कमाने के बारे में जानकारी दी गई थी। पीड़ित अपनी जमा पूंजी को निवेश कर मुनाफा कमाने के बारे में सोचने लगा। उसने सोशल मीडिया पर दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो सीधे फीनवेय फाइनेंशियल सर्विस नाम के वॉट्सऐप ग्रुप पर उसे जोड़ लिया गया। ग्रुप में 80 सदस्य पहले से ही थे। वे विभिन्न कंपनियों और शेयर मार्केट में निवेश पर होने वाले लाभ का स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे। वाट्सऐप पर जोड़कर दी ट्रेनिंग अचानक से ग्रुप की एक सदस्य गौरी ने पीड़ित से अलग से बातचीत करनी शुरू की और खुद को शेयर मार्केट की विशेषज्ञ बताया। महिला के झांसे में आने के बाद पीड़ित को नोमुरा और बबकैप्स नाम के वॉट्सऐप ग्रुप पर में भी जोड़ लिया गया। यहां से पीड़ित को शेयर मार्केट में निवेश करने का फर्जी प्रशिक्षण दिया गया। फिर आईपीओ, ब्लॉक डील और म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सलाह दी गई। प्रारंभिक चरण में जब पीड़ित ने ठगों के कहने पर निवेश किया तो उसे कुछ मुनाफा भी हुआ। 11 बार में ट्रांसफर की रकम इसके बाद पीड़ित ने ठगों पर भरोसा जताते हुए अलग-अलग बैंक खातों कुल 11 बार में 55 लाख 62 हजार रुपए ट्रांसफर किए। अचानक से पैसे की आवश्यकता पड़ने पर आईपीओ से मुनाफे की रकम निकालने के लिए आवेदन किया तो पीड़ित को कई प्रकार के कर जमा करने के लिए कहा गया। जब पीड़ित ने और रुपए नहीं होने की बात कही तो उसका खाता ब्लॉक कर वॉट्सऐप ग्रुप से बाहर कर दिया गया। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है,पुलिस उन खातों की जानकारी जुटा रही है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Qg0RLhr