नहर में डूबने से बुजुर्ग महिला की मौत:एटा में अमावस्या पर दीपक जलाने गई थी, पैर फिसलने से हादसा

एटा के मलावन थाना क्षेत्र में छिछैना पुल के पास एक दुखद घटना सामने आई। नहर में दीपक जलाने गई 80 वर्षीय अनार देवी का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में गिर गईं और डूब गईं। चिलासनी की रहने वाली अनार देवी अमावस्या के दिन दीपक जलाने गई थीं। उनके पति भूदेव प्रसाद की पिछले माह मृत्यु हुई थी। उनके साथ एक वाहन चालक भी था। दीपक छोड़ते समय उनका पैर फिसला और वह नहर में गिर गईं। स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मलावन थाना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी रोहित राठी ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से महिला को पानी से निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। इस घटना से परिवार में शोक छा गया है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर