नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की हुई पूजा:श्रावस्ती में भक्तों ने की विधिवत पूजा-अर्चना, कई पंडालों में माता की आंख की पट्टी खोली
श्रावस्ती:जनपद में शारदीय नवरात्रि 2025 का आगाज बीते सोमवार से हो चुका है। जिले भर के दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। भक्त नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा कर रहे हैं। वहीं नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की गई। मान्यता है कि मां के इस स्वरूप की पूजा से साधक की बौद्धिक क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। वहीं श्री नवदुर्गा पूजा समिति करनपुर में डॉक्टर सम्राट वर्मा ने 16,551 रुपये माता के चरणों में अर्पित कर उनकी आंख की पट्टी खोली और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। बताते चलें की दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई। तप की देवी के रूप में विख्यात मां ब्रह्मचारिणी की पूजा से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। विश्वास है कि इनकी आराधना से व्यक्ति में त्याग, तपस्या और संयम की वृद्धि होती है। वहीं देवी पांडालो मे नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा हुई। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण उन्हें शैलपुत्री कहा जाता है। उन्हें सौभाग्य की देवी माना जाता है। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले भर के पूजा स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी पंडालों में भव्य सजावट की गई है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply