नगर पंचायत अध्यक्ष और किसान नेता के बीच विवाद:दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई FIR, पुलिस बल तैनात
पीलीभीत के नौगवां पकड़िया में नगर पंचायत चेयरपर्सन के पति और किसान नेता के बीच विवाद बढ़ गया है। चेयरपर्सन के पति संतोख सिंह संधू ने थाना सुनगढ़ी में किसान नेता निसार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संधू का आरोप है कि निसार अहमद ने सार्वजनिक रूप से उनकी पत्नी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब उन्होंने इस बारे में बात करनी चाही, तो निसार ने कार्यालय में आकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के नेताओं ने निसार के समर्थन में थाने में धरना दिया था। उन्होंने चेयरपर्सन पति और अन्य सभासदों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद चेयरपर्सन पति ने भी अपने समर्थकों के साथ थाने में धरना दिया। सीओ सिटी के हस्तक्षेप के बाद देर रात धरना समाप्त हुआ। उन्होंने दोनों पक्षों की शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी ने भी पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। विवाद को देखते हुए नौगवां पकड़िया में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply