देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी में मास्टरमाइंड गिरफ्तार:3 इनामी आरोपी गिरफ्तार, सरोज सरगम समेत 6 पहले से जेल में

मिर्जापुर पुलिस ने देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस की संयुक्त टीम ने 25-25 हजार रुपए के तीन इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह मामला धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और उन्माद फैलाने से संबंधित है। यह प्रकरण बिरहा गायिका सरोज सरगम के यूट्यूब चैनल पर देवी मां दुर्गा के संबंध में एक अभद्र गाना अपलोड करने के बाद सामने आया था। यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सरोज सरगम और उनके पति राम मिलन सहित छह लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए तीन इनामी अभियुक्तों में राजबीर सिंह यादव (पुत्र बृजराज सिंह, निवासी सिधौली, सीतापुर), सोनू (पुत्र महेंद्र बिंद, निवासी दाउदपुर, हंडिया, प्रयागराज) और शशांक प्रजापति शामिल हैं। ये तीनों पहले से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी राजबीर सिंह यादव ही इस पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड था। उसने न केवल आपत्तिजनक सामग्री लिखी थी, बल्कि मुख्य अभियुक्ता सरोज सरगम को आर्थिक सहायता भी प्रदान की थी। इस गिरफ्तारी अभियान में कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक, मड़िहान के प्रभारी निरीक्षक बाल मुकुंद मिश्रा, एसओजी के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह और सर्विलांस सेल के प्रभारी मानवेंद्र सिंह की टीम शामिल रही।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fJznaBU