देवरिया में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई फेल:अवैध अस्पताल एक सप्ताह में फिर खुला, प्रसव मरीजों की भर्ती जारी
देवरिया में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ गए हैं। सृष्टि हेल्थ केयर अस्पताल को सील करने के मात्र एक सप्ताह बाद ही फिर से खोल दिया गया है। शुक्रवार से यहां प्रसव मरीजों की भर्ती भी शुरू हो गई है। इस अस्पताल में हाल ही में दो गंभीर घटनाएं हुई थीं। निजामाबाद की अजमेरी और हिछौरा लाला की पूजा देवी की हालत प्रसव के बाद बिगड़ गई थी। दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा था। अजमेरी के नवजात की ऑक्सीजन की कमी से मौत हो गई थी। सीएचसी अधीक्षक अतुल कुमार ने 12 सितंबर को संयुक्त टीम के साथ अस्पताल की जांच की थी। जांच में अस्पताल को अवैध पाया गया और इसे सील कर दिया गया था। लेकिन अब आशा कार्यकर्ताओं की मदद से यहां फिर से मरीजों की भर्ती शुरू हो गई है। अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार का कहना है कि अस्पताल के दोबारा खुलने की जानकारी मिली है। वे जल्द ही इसकी जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply