दुद्धी में भागवत कथा का आयोजन:श्रद्धालु हुए भाव-विभोर, ‘जय श्रीकृष्ण’ के उद्घोष से गूंजा रामलीला मैदान

दुद्धी के रामलीला मैदान में चल रहे 21 कुण्डीय श्री सुदर्शन महायज्ञ और संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शनिवार को दूसरा दिन था। इस दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव से भाव-विभोर दिखे और पूरा पंडाल “जय श्रीकृष्ण, हरि बोल” के उद्घोषों से गूंज उठा। कथा का वाचन श्री श्री 1008 रामानुजाचार्य वैष्णो मणि स्वामीनारायण आचार्य ने किया। आचार्य श्री ने कथा के दूसरे दिन बताया कि भागवत कथा मनुष्य को परमात्मा से जोड़ती है। यह आत्मा को शुद्ध कर मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में धर्म, सत्य और प्रेम का संदेश दिया, और इसी मार्ग पर चलना सच्ची भक्ति है। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में मौजूद थे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी भक्ति रस में लीन होकर कथा का आनंद ले रहे थे। आचार्य श्री द्वारा प्रस्तुत भजन “गोविंद बोलो, हरि गोपाल बोलो” पर श्रद्धालु झूम उठे। इसी के साथ, यज्ञ मंडप में 21 कुण्डीय श्री सुदर्शन महायज्ञ का भी आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यजमानों ने हवन में आहुति देकर क्षेत्र और देश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आचार्य श्री के सान्निध्य में वैदिक ब्राह्मणों ने पूजन-अर्चन कर यज्ञ संपन्न कराया। मां भारती जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार हवाई ने बताया कि इस महायज्ञ और कथा का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरण, आध्यात्मिक एकता और सामाजिक सद्भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि धर्म और अध्यात्म से जुड़ने पर समाज में शांति और समृद्धि का संचार होता है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/QoOwJgD