दलित समाज को गुमराह कर रहीं मायावती:अजय राय बोले कांशीराम के अधूरे मिशन को पूरा कर रहे राहुल गांधी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांशीराम दलितों, वंचितों और शोषितों की आवाज बनकर जीवन भर संघर्ष करते रहे। बसपा सुप्रीमो मायावती को आज तक कांशीराम की याद नहीं आई। अब जब बिहार चुनाव नजदीक है, तो भाजपा के कहने पर कांशीराम की पुण्यतिथि रैली की जा रही है। बसपा ये आयोजन कर दलित समाज को गुमराह कर वोट की राजनीति कर रही हैं। आज की रैली से यह साबित हो गया है कि मायावती भाजपा की असली सदस्य हैं और आरएसएस की सहायिका हैं। कांग्रेस ने कांशीराम पुण्यतिथि पर संगोष्ठी का आयोजन किया अजय राय ने आगे कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूरे देश में दलितों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ सदन से लेकर सड़क संघर्षरत कर रहे हैं। आज कांशीराम के अधूरे मिशन को हमारे नेता राहुल गांधी पूरा करने के लिए संकल्पित हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय में कांशीराम की पुण्यतिथि पर एक संगोष्ठी आयोजित हुई। इस संगोष्ठी में वक्ताओं ने कांशीराम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की। संगोष्ठी का संचालन यूपी कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम प्रभारी विजय बहादुर ने किया। संगोष्ठी में किसने क्या कहा संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि कांशीराम के विचार हमारे अंदर समाहित हैं, वो पूरे जीवन कभी खत्म नहीं हो सकते। मगर आज दुर्भाग्य इस बात का है कि जिन लोगों ने कांशीराम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दिन रात मेहनत कर बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की थी, उनको ही हाशिए पर रख दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांशीराम जी के जीवन और संघर्ष के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने शपथ ली थी कि दलितों, शोषितों और वंचितों को जगाने के लिए वह हर जतन करेंगे। कई बार इस मिशन के विरोध में उन्हें अपमानित भी किया गया, लेकिन वह अपने लक्ष्य से डिगे नहीं। पूर्व मंत्री राज बहादुर ने कहा कि सत्ता तो संघर्ष के बल पर ही मिलती है। शिक्षा, सुरक्षा मान सम्मान से वंचित रहे लोगों को इकट्ठा करके कांशीराम ने उनके अधिकारों की मांग उठाते हुए उनकी आवाज बने। कांशीराम ने सोती हुई दलित कौम को जगाने का काम किया। कांशीराम जैसा ही प्रयास आज राहुल गांधी कर रहे हैं। कांशीराम जी की असली उत्तराधिकारी के रूप कांग्रेस पार्टी ही कार्य रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार दलितों और वंचितों के हाथ से कलम छीनना चाहती है। बाबा साहब और कांशीराम कलम की विचारधारा से संघर्ष की बात करते थे। आज हमारी लड़ाई राहुल गांधी लड़ रहे है। हमे उनकी इस लड़ाई में उनका साथ देना चाहिए। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद राकेश राठौर ने कहा कि आज दलितों और पिछड़ों को समाज में जो मान सम्मान मिल रहा है और वह मजबूत हो रहे हैं बाबा साहब के संविधान और कांशीराम के संघर्ष की देन है। भाजपा सरकार हमारे इन अधिकारों को छीनने पर आमादा है। इस दलित विरोधी पार्टी को आने वाले चुनाव में सत्ता से दूर करना ही होगा। पूर्व सांसद दानिश अली ने कहा कि बाबा साहब के संघर्ष को कांशीराम ने आगे बढ़ाया और आज इस प्रयोजन को बढ़ाने का काम अगर कोई कर रहा है तो वह सिर्फ कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ही कर रहे हैं। पूर्व सांसद ओमवती ने कहा कि जो मायावती अपने दलित समर्थकों को भाजपा के हाथों बेचने का काम कर रही हैं। पूर्व मंत्री ओपी त्रिपाठी ने कहा कि कांशीराम और बहुजन समाज पार्टी के विचारों को धूमिल करने का काम मायावती कर रही हैं। समता मूलक चौराहे पर कांग्रेस ने कांशीराम प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए संगोष्ठी के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में सभी नेता सामाजिक परिवर्तन प्रेरणा स्थल समता मूलक चौराहे पहुंचे। वहां बहुजन समाज के महानायक कांशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी व डॉ. शहजाद आलम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, मनोज यादव, पुष्पेंन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुमार राय, प्रो. श्रवण कुमार गुप्ता, प्रो. आरबी बौद्ध, आसिफ रिज़वी रिंकू, सिद्धि श्री, दयानंद दुसाध, अनामिका यादव, जैनब हैदर सहित कई लोग मौजूद रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/zy8wWxS
Leave a Reply