दरोगा को रौंदते हुए आगे बढ़ा लोडर, देखें VIDEO:अलीगढ़ में पुलिस अधिकारियों ने एसआई को दी श्रद्धांजलि, मुजफ्फरनगर रवाना हुआ शव

अलीगढ़ में बुलेट से जा रहे दरोगा को लोडर ने टक्कर मारते हुए रौंद दिया। लोडर इतनी तेज स्पीड में था कि दरोगा की बुलेट को कई मीटर तक कुचलते हुए आगे जाकर पलट गया। हादसे में दरोगा बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही पुलिस को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरोगा को आनन-फानन में हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें घटना का पूरा दृश्य साफ नजर आ रहा है। आरोपी लोडर ड्राइवर दरोगा को रौंदने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद राजकीय सम्मान के साथ दरोगा को श्रद्धांजलि दी। पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि देने के बाद शव मुजफ्फरनगर रवाना हो गया है। दरोगा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई की गई। देखें सीसीटीवी… ड्यूटी खत्म करके खाना खाने जा रहे थे दरोगा टप्पल थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर राहुल चौधरी(33) का रविवार रात को एक्सीडेंट हुआ था। वह खाना खाने के लिए होटल पर जा रहे थे। यू-टर्न लेने के दौरान लोडर ने उन्हें कुचल दिया। दरोगा राहुल के परिजनों ने बताया- उनका पांच दिन पहले ही शहर के बन्नादेवी थाने में ट्रांसफर हुआ था। जल्दी ही वह बन्नादेवी में ज्वाइन करने वाले थे। राहुल मूल रूप से मुजफ्फरनगर के थाना भूरा कलां क्षेत्र के गांव मुंडभर के रहने वाले थे। वे अपनी तीन बहनों के एकलौते भाई थे। राहुल के पिता की कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी। फिर 2023 में उनकी नौकरी पुलिस विभाग में लगी थी। जिसके बाद नवंबर 2024 में ही शादी हुई थी। राहुल की पत्नी रीनम एक डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं और 8 महीने की प्रेग्नेंट भी हैं। नन्ही जान के परिवार में आने की खुशी थी। लेकिन एक झटके ने सब कुछ बदल दिया। परिजनों ने बताया- परिवार की सारी जिम्मेदारियां उन्हीं पर थीं। उनके निधन से पूरा परिवार टूट गया है। घटना की जानकारी मिलने पर हम लोग देर रात अलीगढ़ पहुंचे। देर रात अलीगढ़ में कराया गया पोस्टमॉर्टम पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी। अस्पताल से दरोगा के शव को देर रात अलीगढ़ लाया गया। यहां देर रात पोस्टमॉर्टम कराया गया और करीब रात 12:30 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। डीआईजी-एसएसपी ने अर्थी को कंधा दिया पुलिस लाइन में पहले सुबह पुलिस अधिकारियों ने नम आंखों से दरोगा को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसएसपी नीरज जादौन समेत विभिन्न पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने दरोगा राहुल चौधरी को नम आंखों से विदाई दी और उनकी अर्थी को कांधा देकर शव को मुजफ्फरनगर के लिए रवाना कर दिया। मामा ने मुकदमा दर्ज कराया दरोगा को टक्कर मारने के बाद आरोपी लोडर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने लोडर वाहन को बरामद कर लिया है। अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है, जिससे आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मृतक दरोगा के मामा सत्यवीर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया- सोमवार को दरोगा को पुलिस लाइन में अंतिम विदाई दी गई। जिसके बाद शव उनके गृह जनपद के लिए रवाना हो गया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्दी ही वह पुलिस की हिरासत में होगा। …………………. ये खबर भी पढ़ें… यूपी में नरेश पंडित के बाद इमरान एनकाउंटर में ढेर; सहारनपुर में सीने में गोली लगी, 2 घंटे में दो बदमाश मारे गए यूपी पुलिस ने रविवार रात 2 घंटे के अंदर दो बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया। पहला एनकाउंटर रात 8 बजे फिरोजाबाद में हुआ। यहां पुलिस ने बदमाश नरेश पंडित उर्फ पंकज को एनकाउंटर में गोली मारकर ढेर कर दिया। दूसरा एनकाउंटर फिरोजाबाद से 400 किमी दूर सहारनपुर में हुआ। यहां बदमाश इमरान मुठभेड़ में मारा गया। पढ़िए पूरी खबर

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/NezXQU7