त्रिपुरा में CRPF जवान की हार्ट अटैक से मौत:मुजफ्फरनगर में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, भाजपा-सपा के नेता पहुंचे
त्रिपुरा के अगरतला में तैनात मुजफ्फरनगर के CRPF सहायक उप निरीक्षक विनोद धीमान का हार्ट अटैक से निधन हो गया। 45 वर्षीय धीमान 17-18 सितंबर की रात ड्यूटी पर थे। सीने में अचानक तेज दर्द के बाद उन्हें सैन्य अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। धीमान पिछले 20 वर्षों से CRPF में सेवारत थे। वे त्रिपुरा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा में तैनात थे। परिवार के अनुसार वे स्वस्थ रहते थे, लेकिन तनावपूर्ण ड्यूटी ने उनकी सेहत पर प्रभाव डाला। तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर सोमवार सुबह मंसूरपुर थाना क्षेत्र के सोंटा गांव पहुंचा। सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। धीमान के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा गाजियाबाद में पढ़ाई कर रहा है। छोटा बेटा सोंटा में रहता है। उनकी पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार वो धीमान गांव के गौरव थे और हमेशा मदद के लिए तत्पर रहते थे। तिरंगे में लिपटा शहीद, सलामी दी गई सीआरपीएफ की टुकड़ी ने शहीद के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर गांव पहुंचाया। अंतिम संस्कार से पहले राजकीय सम्मान दिया गया। जिसमें राइफल सलामी और वीरता पुरस्कार की घोषणा हुई। गांव के श्मशान घाट पर सैकड़ों लोग उमड़े। सीआरपीएफ अधिकारी ने कहा, “विनोद जैसे जवान राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित थे। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।” भाजपा-सपा नेताओं ने दी विदाई अंतिम संस्कार में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, सपा के वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा, नरेश धीमान समेत कई गणमान्य व्यक्ति पहुंचे। सुधीर सैनी ने कहा, “विनोद का बलिदान राष्ट्र के लिए प्रेरणा है। सरकार शहीद परिवार को हर संभव मदद देगी।” राकेश शर्मा ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। बता दें, विनोद धीमान 182 बटालियन में तैनात थे और अगरतला में उनकी ड्यूटी संवेदनशील क्षेत्रों पर थी। सीआरपीएफ ने शहीद को श्रद्धांजलि दी और परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply