डॉक्टर और आशा कार्यकत्री में मारपीट:बिजनौर महिला अस्पताल में जमकर विवाद, दोनों ने लगाए आरोप

बिजनौर जिला महिला अस्पताल में एक महिला डॉक्टर और आशा कार्यकत्री भिड़ गईं। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ने एक-दूसरे पर पहले बदसलूकी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। यह घटना 25 सितंबर की है, लेकिन वीडियो आज सामने आया है। मंडावली सैदू ग्रामपंचायत के मौजा सुल्तानपुर टप्पा की आशा सरिता गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अस्पताल पहुंचीं। उनके साथ आठ महीने की दो गर्भवती महिलाएं थी, जिनका अल्ट्रासाउंड होना था। सरिता के अनुसार, वह कई दिनों से इन महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल ला रही थीं। सरिता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह जब वह महिलाओं को अल्ट्रासाउंड कक्ष में ले गईं, तो वहां मौजूद स्टाफ व डाक्टर ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान, एक अन्य आशा ज्योति ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, जिस पर स्टाफ ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। इस घटना से आशा कार्यकत्रियों में रोष फैल गया और उन्होंने शुक्रवार को ही अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। शनिवार को मारपीट का एक 49 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में पहले विवाद और कहासुनी होती दिखाई दे रही है। इसी दौरान, मोबाइल से वीडियो बना रही आशा के हाथ से डॉक्टर मोबाइल छीनकर नीचे फेंक देती हैं। वहां मौजूद एक अन्य महिला नीचे से मोबाइल उठाती दिख रही है। तभी आशा डॉक्टर को एक जोरदार थप्पड़ मारती है, जिसके बाद डॉक्टर भी आशा पर कई थप्पड़ जड़ देती हैं। वीडियो में दोनों के बीच मारपीट होती दिख रही है और अन्य महिलाएं उन्हें अलग करने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर ज्योति बालियान का कहना है कि वह रोज की तरह अल्ट्रासाउंड कर रही थी। इसी दौरान एक सरिता नाम की आशा जबरन अंदर घुस आई। अन्य मरीज जो पहले से लाइन में लगे थे उनसे पहले अपने मरीज का अल्ट्रासाउंड कराने को कहने लगी। मेरे द्वारा बताया गया कि जो लोग लाइन में लगे हैं पहले उनका अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। आपका इमरजेंसी केस नहीं है इसके बाद आपका किया जाएगा। इससे नाराज होकर आशा बदतमीजी और मारपीट करने लगी और वीडियो बनाते हुए बाहर चली गई। मैं उसके पीछे-पीछे गई और वीडियो बनाने को मना किया। इस दौरान उसका मोबाइल नीचे गिर गया। आशा द्वारा मेरे ऊपर थप्पड़ मारा गया। इसके बाद मैंने भी अपना रिएक्शन दिया। हमने पुलिस को तहरीर दे दी है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को भी दे दी गई है अपनी सुरक्षा की मांग की।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/E8mbxhd