डीएम के औचक निरीक्षण में स्कूलों की जांच:कम उपस्थिति और खराब व्यवस्था पर सहायक अध्यापिका को नोटिस, बच्चों को बांटी चॉकलेट

लखीमपुर खीरी की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने विकास क्षेत्र फूलबेहड़ के चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्गापुर, बन्नी और कुसमौरी के स्कूलों में पढ़ाई और मिड-डे मील की व्यवस्था की जांच की। प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर में 40 पंजीकृत बच्चों में से केवल 18 बच्चे उपस्थित थे। डीएम ने छात्रों की रीडिंग स्किल की जांच की और होनहार बच्चों को टॉफी और चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया। संविलियन विद्यालय बन्नी में 272 में से सिर्फ 150 छात्र मौजूद थे। कमजोर बच्चों को आगे बैठाने के निर्देश का पालन न करने पर सहायक अध्यापिका आराधना मिश्रा को नोटिस जारी किया गया। डीएम ने कक्षा छह में गणित की समझ की जांच की। प्राथमिक विद्यालय कुसमौरी में छात्राओं का मात्राओं का ज्ञान कमजोर पाया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसमौरी में बाथरूम की पानी सप्लाई बंद थी और पानी की टंकियां नहीं मिलीं। परिसर में बड़ी-बड़ी घास उगी हुई थी। डीएम ने शिक्षक डायरी में 14, 15 और 16 सितंबर का विवरण न मिलने पर कड़ी हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी, डीपीआरओ विशाल सिंह और बीडीओ फूलबेहड़ सुमित कुमार सिंह मौजूद रहे।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर