डीआईजी ने मिशन शक्ति और पिंक बूथों का किया निरीक्षण:बोले- कार्य में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई, महिला सुरक्षा पर दिए निर्देश

मेरठ रेंज के DIG कलानिधि नैथानी ने बुधवार को हापुड़ का दौरा किया। उन्होंने जिले में मिशन शक्ति केंद्रों और पिंक बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित पड़ी विवेचना के भी निस्तारण के आदेश दिए। लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ कार्यवाही के भी निर्देश दिए गए।। शिकायत का तुरन्त हो निस्तारण डीआईजी ने सबसे पहले थाना देहात स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद नवीन मंडी के पास स्थित थाना देहात पिंक बूथ का दौरा किया। महिला उपनिरीक्षकों को शिकायतों को संवेदनशीलता से निपटाने के निर्देश दिए। डीआईजी नैथानी ने पिंक बूथ चौकी जदीद और मिशन शक्ति केंद्र थाना हापुड़ नगर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। शिकायतों का सही तरीके से रिकॉर्ड रखा जाए और जल्द निपटारा किया जाए। पुलिस कार्यालय में डीआईजी ने अपराध शाखा की विवेचनाओं की समीक्षा की। लंबित मामलों पर चिंता जताते हुए विवेचकों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामले पीड़ितों को न्याय से वंचित करते हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हैं। सभी विवेचक निर्धारित समय में मामलों का निपटारा करें। डीआईजी के निरीक्षण से पुलिस विभाग में सक्रियता बढ़ी है। महिला सुरक्षा और लंबित मामलों के निपटारे पर दिए गए स्पष्ट निर्देशों से अधिकारियों में जिम्मेदारी की भावना मजबूत हुई है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर