झांसी में करंट लगने से इकलौते बेटे की मौत:घर की लाइट सुधारते वक्त लगा झटका, 2 साल पहले मां की भी करंट से मौत हुई थी
झांसी में शनिवार को करंट लगने से इकलौते बेटे की मौत हो गई। घर की लाइट नहीं आ रही थी। सुधारते वक्त करंट का जोरदार झटका लगा। परिजन उसको झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर आए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो साल पहले इसी घर में करंट लगने से मां की मौत हो गई। मां के बाद इकलौते बेटे की मौत होने से घर में मातम छाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के शंकरगढ़ गांव का है। घर पर अकेला था, बहन आई तो बेसुुध पड़ा था मृतक का नाम अरविंद राजपूत (26) पुत्र बाबूलाल राजपूत था। वह बड़ागांव थाना क्षेत्र के शंकरगढ़ गांव का रहने वाला था। मृतक के चाचा देवसिंह राजपूत ने बताया- मेरा भतीजा अरविंद खेती किसानी करता था। शनिवार को घर की लाइट नहीं आ रही थी। उसकी पत्नी विनीता और पिता बाबूलाल खेत पर गए थे। घर पर अरविंद अकेला था। वो लाइट सुधार रहा था। तभी उसे करंट का जोरदार झटका लगा। थोड़ी देर बाद उसकी चचेरे बहन कल्लन घर पर आई तो अरविंद जमीन पर बेसुध पड़ा था। शोर मचाने पर परिजन आ गए। डंडे से तार को हटाया और अरविंद को झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। छोटे-छोटे दो बच्चे हैं अरविंद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी 4 बहनों की शादी हो चुकी है। अरविंद की शादी 8 साल पहले विनीता से हुई थी। उसका 7 साल का बेटा रिषभ और 5 साल की एक बेटी अनुष्का है। दो साल पहले अरविंद की मां पनकू की करंट लगने से मौत हो गई थी। मां के बाद बेटे की भी करंट से मौत हुई तो घर में मातम छा गया। पति का शव देखकर पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply