चुनावी खर्च और लेखा विवरण नहीं देने पर कार्रवाई:गाजीपुर की तीन राजनीतिक पार्टियों को नोटिस, 25 सितंबर तक जवाब मांगा

गाजीपुर में तीन राजनीतिक दलों को चुनावी खर्च और वार्षिक लेखा विवरण जमा नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने उप जिलाधिकारी गाजीपुर, मुहम्मदाबाद और कासिमाबाद को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने तीन पार्टियों को नोटिस भेजा है। इनमें हमदर्द पार्टी (मुहल्ला सैय्यदबाडा), जय हिन्द समाज पार्टी (ग्राम खड़हरा) और जनता राज पार्टी (ग्राम तेजपुरा) शामिल हैं। इन दलों ने वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2023-24 के वार्षिक लेखापरीक्षित खाते निर्धारित समय तक जमा नहीं किए हैं। साथ ही, 2019 से अब तक के चुनावों में भाग लेने के बावजूद निर्वाचन व्यय विवरणी भी नहीं दी है। नियमों के अनुसार, विधानसभा चुनावों में 75 दिनों के भीतर और लोकसभा चुनाव में 90 दिनों के भीतर निर्वाचन व्यय विवरणी दाखिल करना अनिवार्य है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नोटिस की प्रति संबंधित पार्टियों को दें और तहसील मुख्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें। पार्टियों को 25 सितंबर 2025 तक अपना जवाब देना होगा।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर