चित्रकूट में नानाजी देशमुख जयंती पर शरदोत्सव:सांस्कृतिक संध्या में भक्ति गायन, सुगम संगीत की प्रस्तुति
चित्रकूट में भारत रत्न नानाजी देशमुख के जन्मदिवस शरद पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय शरदोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को शरदोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में आकृति मेहरा और लखबीर सिंह लक्खा ने भक्ति गायन व सुगम संगीत प्रस्तुत किया, जिसने दीनदयाल परिसर में मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर संतोषी अखाड़ा के महंत रामजी दास महाराज, जानकी महल आश्रम के महंत सीताशरण दास महाराज, फलाहारी आश्रम के महंत राम प्यारे शरण महाराज, मध्य प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यह शरदोत्सव दीनदयाल शोध संस्थान, चित्रकूट क्षेत्र की जनता और जिला प्रशासन सतना के सहयोग से संस्कृति संचालनालय मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख की 109वीं जयंती के उपलक्ष्य में हो रहा है। अपने आतिथ्य उद्बोधन में मध्य प्रदेश सरकार की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने नानाजी देशमुख को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि नानाजी ने वैभव त्यागकर समाज को प्रेरणा दी और अपने कार्यों से देश के सामने अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। मंत्री गौर ने दीनदयाल शोध संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह नानाजी द्वारा पल्लवित होकर आज एक विशाल वटवृक्ष बन गया है। उन्होंने संस्थान को केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक जीवंत आंदोलन बताया, जिसने संस्कृति, परंपरा और मानव सेवा का पाठ पढ़ाया है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/q8BcGOw
Leave a Reply