चंदौली में किशोर की पोखरे में डूबकर मौत:दो दोस्तों के साथ गया था नहाने, स्थानीय लोगों ने निकाला; नहीं बची जान

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई। जयमोहनी पोस्ता स्थित खजुरहिया पोखरे में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। टेढ़वा मधुपुर थाना रावर्टसगंज निवासी विनीत मौर्य अपने दो दोस्तों के साथ पोखरे में नहाने गया था। विनीत के साथ सनी देओल (13 वर्ष) और हिमांशु (15 वर्ष) भी थे। नहाते समय विनीत गहरे पानी में चला गया। उसके डूबने पर दोस्तों ने मदद के लिए आवाज लगाई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद विनीत को पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सोनभद्र और नौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने पुष्टि की कि पानी में डूबने से बालक की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चंदौली भेज दिया है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर