घर में शादी की रस्म, फंदे पर लटका मिला भाई:झांसी में परिजन बोले- हत्या कर लटकाया गया, फलदान में भी शामिल नहीं हुआ

झांसी में बुधवार को झोपड़ी के अंदर एक युवक की लाश फंदे पर लटकी मिली है। घर में उसके चचेरे भाई की शादी है। मंगलवार रात को फलदान की रस्म थी। पूरा परिवार उसी में व्यस्त था। आज सुबह मां झोपड़ी में आई तो बेटा फंदे पर लटका हुआ था। उसके पैर जमीन पर रखे थे, जबकि हाथ की अंगुली और पैर के अंगूठे में चोट थी। परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला बरुआसागर कस्बे के मंसिल माता मंदिर के पास का है। फलदान में नहीं गया था युवक मृतक का नाम राजकुमार कुशवाहा (30) पुत्र लालाराम कुशवाहा था। वह बरुआसागर के निगोनाखेरा मोहल्ले का रहने वाला था। मृतक के चाचा माते कुशवाहा ने बताया- मेरा भतीजा राजकुमार मंसिल माता मंदिर के पास झोपड़ी के अंदर चाय की दुकान खोले था। उसके चचेरे भाई शुभम कुशवाहा की शादी तय हुई थी। मंगलवार रात को फलदान की रस्म थी। रात 8 बजे राजकुमार को फलदान में आने की बात कहकर आए थे। मगर वो रात को नहीं आया। आज सुबह उसकी मां लज्जावती दुकान पर पहुंची तो झोपड़ी के अंदर राजकुमार फंदे पर लटका हुआ था। यह देख लज्जावती रोते चिल्लाते हुए बाहर भागी। तब आसपास के लोग और परिजन आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। तब बरुआसागर पुलिस भी पहुंच गई। चाचा बोले- हत्या कर लटकाया गया चाचा माते कुशवाहा ने बताया- भतीजे राजकुमार की हत्या की गई और फिर शव को लटकाया गया है। उसके हाथ की एक अंगुली कटी थी, जबकि पैर के अंगूठे में भी चोट है। राजकुमार की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। दो भाइयों में राजकुमार बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता लालाराम कुशवाहा की करीब 15 साल पहले ही मौत हो चुकी है। बरुआसागर थाना प्रभारी ने बताया कि राजकुमार ने फांसी लगाकर जान दी है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर