गोरखपुर रामगढ़ताल नौकायन पर पलटी तेज रफ्तार कार-VIDEO:शीशे पर लिखा था भारत सरकार, हादसे में बाल-बाल बचे गाड़ी में बैठे 2 युवक

गोरखपुर रामगढ़ताल क्षेत्र के नौकायन में शुक्रवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बताया जा रहा है कि यूपी-53-डीबी-4095 नंबर की कार पर पीछे भारत सरकार का स्टीकर लगा था। गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी, इसलिए यह हादसा हुआ। जिसके बाद कार में सवार दो लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में कार चला रहे थे। अब जाने पूरा मामला रामगढ़ताल क्षेत्र के नौकायन पर देर रात करीब 11:30 बजे एक स्विफ्ट कार तेज गति फर्राटा भर रही थी। कार के अंदर तेज आवाज में म्यूजिक भी चल रहा था। अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। नौकायन पर घटनास्थल के आस-पास टहल रहे लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कार पलटने के बाद भी चक्के नाच रहे थे। थोड़ी देर बाद धुआं निकला और गाड़ी बंद हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर लोग कार के पास पहुंचे। अंदर देखा तो 2 युवक उसमे फंसे हुए थे। कार की खिड़की के रास्ते उन्हें लोगों ने बाहर निकाला। तब तक पुलिस भी वहां आ गई। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दोनों युवक बातचीत कर पा रहे थे। उन्हें अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। वहीं घटना के बाद नौकायन पर पलटी कार को देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। बहुत से लोग कार का वीडियो बनाते रहे। वहीं कई गार्जियन का कहना था कि आए दिन रात के समय ऐसे हादसे होते रहते हैं। पहले भी कई लक्जरी गाड़ियां तेज रफ्तार की वजह से ही पलट चुकी हैं। गनीमत रही है कि कभी किसी की जान नहीं गई है। इस हादसे को गंभीरता से लेना चाहिए। वरना आगे चलकर तेज रफ्तार कार किसी की जान भी ले लेगी। पहले रात के समय काफी लोग बाइक व कार से स्टंट करने आते थे। इधर पुलिस सख्त हुई, कार्रवाई की तो उनका आना बंद हुआ। लेकिन रात के समय अभी भी यहां खतरा बना हुआ है। नौकायन के मुख्य गेट पर ही रात के समय पुलिस को नाका लगाकर चेकिंग करनी चाहिए। इससे लोगों की रफ्तार में कमी आएगी। कोई भी यहां गलती करते समय एक बार जरूर सोचेगा।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर