गोरखपुर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की तैयारी शुरू:2003 की मतदाता सूची से होगा मिलान; जल्द जारी होगा कार्यक्रम
बिहार के बाद अब गोरखपुर में भी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की तैयारी शुरू हो गई है। सभी बीएलओ को इसका प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 22 साल बाद गहन पुनरीक्षण शुरू होने जा रहा है। 2003 की मतदाता सूची से मिलान करने के बाद नई मतदाता सूची तैयार की जाएगी। माना जा रहा है कि सूची में बड़े पैमाने पर नाम कटेंगे और नए नाम जुड़ेंगे भी। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में शामिल रहा होगा, उनसे कोई दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। लेकिन जिनके नाम उस सूची में शामिल नहीं होंगे, उन्हें पहचान के लिए दस्तावेज देने होंगे। घर-घर जाकर यह गहन पुनरीक्षण किया जाएगा। जो मतदाता कहीं बाहर जा चुके हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम काट दिए जाएंगे। यदि किसी व्यक्ति का नाम 2003 की मतदाता सूची में शामिल है और उनके बच्चों का नाम बाद में शामिल हुआ है। तो बच्चों से जुड़ा दस्तावेज देना होगा। बदली जाएगी धुंधली और अस्पष्ट फोटो मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में फोटो पर भी काम किया जाएगा। पुरानी मतदाता सूची में जिनकी फोटो धुंधली और अस्पष्ट है, उसे बदला जाएगा। नवीनतम फोटो लगाई जाएगी, जिससे उनकी पहचान हो सके। इस बार मतदाताओं के मकान नंबर को भी इसमें शामिल किया जाएगा। जिससे एक भी गलत नाम दर्ज न होने पाए। युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर SIR में युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर दिया जाएगा। 18 से 19 साल के युवाओं की संख्या कुल मतदाताओं के सापेक्ष 4 से 4.5 प्रतिशत करने पर जोर दिया जाएगा। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। इस अभियान के जरिए मतदाता सूची को पूरी तरह से पारदर्शी और खामियों से मुक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बीएलओ को दिया जा चुका है प्रशिक्षण SIR को लेकर बीएलओ को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बिहार में चल रहे बवाल के बाद प्रशासन इसे चुनौती के रूप में ले रहा है। सभी बीएलओ को यह बात स्पष्ट रूप से बताई गई है कि हर बार होने वाले पुनरीक्षणों से यह बिल्कुल अलग होगा। इसमें गंभीरता से और पूरी पारदर्शिता से पुनरीक्षण का कार्य करना होगा।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply