गोरखपुर में विष्णु मंदिर बना भक्ति का केंद्र:रामलीला और विष्णु महायज्ञ की तैयारी शुरू, कलश शोभा यात्रा से हुई शुभ शुरुआत

गोरखपुर के असुरन चौक स्थित विष्णु मंदिर में इस बार भव्य रामलीला और विष्णु महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर में मंच निर्माण, सजावट और व्यवस्थाओं का काम शुरू हो चुका है। श्रद्धालुओं में इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। आयोजक समिति का कहना है कि यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव का संदेश भी देगा। सोमवार को मानस उत्थान समिति की ओर से जनजागरूकता के उद्देश्य से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा विष्णु मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश रखे, पीले परिधान में चल रही थीं। पुरुष श्रद्धालु आगे-आगे “जय श्रीराम” और “हरि बोल” के जयघोष लगाते हुए भक्तिमय वातावरण बना रहे थे। भक्ति और उत्साह से सजी धार्मिक झांकी शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें भगवान विष्णु, श्रीराम और हनुमानजी की झलक देखने को मिली। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों और शंखनाद की गूंज रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई सामाजिक संस्थाओं ने जलपान- प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की। मंदिर में रामलीला मंचन के लिए मंच- साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है। इस बार स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से भी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। रामलीला के मंचन के साथ प्रतिदिन प्रवचन, हवन और भंडारे का आयोजन होगा। समिति के अनुसार, महायज्ञ के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु दिनभर मंदिर में उपस्थित रहेंगे। प्रकाश और सजावट से निखरेगा परिसर विष्णु मंदिर और आसपास का इलाका आकर्षक रोशनी- फूलों की झालरों से सजाया जाएगा। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर यज्ञ स्थल तक तोरणद्वार लगाए जाएंगे। समिति के कार्यकर्ता स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग की तैयारी में जुटे हैं। मानस उत्थान समिति के सदस्यों ने बताया कि रामलीला और विष्णु महायज्ञ का उद्देश्य जनमानस में धार्मिक चेतना जगाना और युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। समिति का कहना है कि इस आयोजन से समाज में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक एकता का संदेश जाएगा।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/q8we7RK