गोरखपुर पेट्रोल पंप पर मारपीट का VIDEO:तेल का पैसा मांगने पर मनबढ़ों ने कर्मचारी-मैनेजर को पीटा, FIR

गोरखपुर के एक पेट्रोल पंप पर तेल का पैसा मांगने पर मनबढ़ों ने कर्मचारी और मैनेजर की पिटाई कर दी। ईंट-पत्थर से मारकर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद साहिल सोनकर और 3-4 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। करवनिया सिधुवापार निवासी सागर हरिजन बड़हलगंज फिलिंग स्टेशन पर कर्मचारी हैं। जो तेल भरने का काम करते हैं। सागर ने बड़हलगंज थाने में तहरीर देकर एफआईआर कराई है। सागर ने बताया- 17 सितंबर की सुबह 7:30 बजे पेट्रोल पंप पर तेल भर रहा था। इसी दौरान साहिल सोनकर बाइक से 3-4 लोगों के साथ आया। बिना पैसा दिए तेल भरने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर गालियां देने लगा। इसका विरोध किया तो अपने साथियों के साथ मिलकर ईंट-पत्थर से मारने-पीटने लगे। शोर सुनकर पेट्रोल पंप मैनेजर पवन उपाध्याय आए तो उन्हें भी आरोपियों ने मार पीटकर घायल कर दिया। जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई है। इसी बीच तेल भराने आए सोनू कन्नौजिया को भी आरोपी मारने पीटने लगे। काफी देर तक आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर मारपीट की। जिससे सभी कर्मचारी दहशत में आ गए। ऐसी घटना कभी पहले नहीं हुई थी। इस घटना के बाद से ही सभी कर्मचारी डरे हुए हैं। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में भी मारपीट की घटना कैद हो गई है। बड़हलगंज थाने के दरोगा आदित्य उपाध्याय को इस मामले की जांच सौंपी गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर