गोंदापुर में मासूम की सड़क हादसे में मौत:स्कूल से लौटते समय बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान दम तोड़ा
आजमगढ़ में महाराजगंज के गोंदापुर गांव में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में 6 वर्षीय पीयूष (पुत्र प्रमोद कुमार) की मौत हो गई। स्कूल से घर लौटते समय एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी थी, जिसके बाद इलाज के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गांव के ग्रामीण मार्ग पर हुई। अमरजीत (पुत्र अक्षयवर राम) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भतीजा पीयूष विद्यालय से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही बादल (पुत्र राम अवतार साहनी) ने अपनी तेज रफ्तार बाइक से उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीयूष के सिर, सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन कई घंटे के इलाज के बावजूद डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके और शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। पीयूष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर महाराजगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बाइक चालक बादल साहनी के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और दुर्घटना का मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/LQnoCxp
Leave a Reply